दिल्ली सरकार ने बढ़ाया ऑटो-टेक्सी का किराया… दिल्ली वालों पर पड़ी CNG के दाम बढ़ने की मार

-अगले कुछ दिनों में जारी होगी अधिसूचना

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली: 28 अक्टूबर, 2022।

दिल्ली में पिछले कुछ महीनों से बढ़ते सीएनजी की कीमतों के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने दिल्ली में ऑटो रिक्शा और टैक्सी के संशोधित किराए को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से दिल्ली के लगभग दो लाख ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों को एक बड़ी राहत मिली है। इन चालकों को हाल ही में सीएनजी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के कारण अधिक लागत वहन करना पड़ रहा था। दिल्ली सरकार से मंजूरी मिलने के उपरांत आगामी हफ्तों में अधिसूचित होने के बाद ऑटो रिक्शा और टैक्सी का नया किराया लागू होगा।
इससे पहले, ऑटो रिक्शा के किराए में संशोधन 2020 में किया गया था, जबकि टैक्सी के किराए में, जिसमें ब्लैक एंड येलो टैक्सी, इकोनॉमी टैक्सी और प्रीमियम टैक्सी शामिल हैं, वो 9 साल पहले 2013 में संशोधित किया गया था। 2020 में सीएनजी का किराया 47 रुपए था, जो अक्टूबर 2022 तक बढ़कर 78 रुपए हो गया। दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत को इस पर ऑटो रिक्शा और टैक्सी संघों व यूनियनों से कई अभ्यावेदन प्राप्त हुए थे। सीएनजी की बढ़ती कीमतों से ऑटो रिक्शा व टैक्सी की लागत, रखरखाव और चालकों की आमदनी को प्रभावित करने वाले विभिन्न मुद्दों के मद्देनजर किराए की समीक्षा और सिफारिश करने के लिए मई 2022 में 13 सदस्यों की एक समिति का गठन किया गया था।
समिति ने ब्लैक एंड येलो टैक्सी और इकोनॉमी टैक्सी के किराए में संशोधन की सिफारिश की थी, जिसकी  समीक्षा की गई और दिल्ली सरकार ने इसे मंजूरी दी। समिति ने यह भी सिफारिश की कि प्रीमियम टैक्सी श्रेणी के लिए मौजूदा किराए में बदलाव न किया जाए ताकि उन्हें उपयोगकर्ताओं के लिए बहुत महंगा होने से बचाया जा सके। 
इस संबंध में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ऑटो और टैक्सी चलाने वालों के साथ न्याय करने के लिए हमेशा कटिबद्ध रही है। संशोधित किराए से ऑटो चालकों को अपने परिवार का भरण पोषण करने में मदद मिलेगी और शहर में ऑटो रिक्शा और टैक्सियों की उपलब्धता में वृद्धि से यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

*ऑटो रिक्शा के लिए संशोधित किराया-*
       मानदंड                          पहले                 अब

1- शुरूआती 1.5 किमी के लिए           25                  30

    मीटर डाउन फेयर
2- प्रति किमी (मीटर डाउन के बाद)      9.5                11

3- प्रति किमी (मीटर डाउन के बाद)      25%                25%

4- प्रति मिनट प्रतिक्षा शुल्क (रु.)

   10 मिनट में एक किमी से कम की दूरी  0.750          0.75

5- अतिरिक्त सामान (रु.)                      7.50              10

*टैक्सी के लिए स्वीकृत संशोधित किराया-*
                                         पहले                           अब

   मानदंड                  नॉन एसी     एसी        नॉन एसी   एसी

1-   शुरूआती 1.5 किमी के लिए       25       25           40        40

     मीटर डाउन फेयर 
2- प्रति किमी (मीटर डाउन के बाद)    14       16           17        20

3- रात्रि शुल्क                                25%     25%         25%    25%

  (रात 11 बजे से सुबह 5 बजे)

4- प्रतिक्षा शुल्क/घंटा (रु.)               30       30       1रु./मिनट   1रु./मिनट

     15 मिनट रूकने के बाद

5- अतिरिक्त सामान (रु.)                 10      10           15       15