NORTH DMC: 100 से ज्यादा मीट की दुकानें सील, ध्वस्त किये 80 स्ट्रक्चर… जारी है बुल्डोजर का कहर

-उत्तरी दिल्ली नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, केएन काटजू मार्ग, पटेल नगर और तुर्कमान गेट इलाके में हटाई एन्क्रोचमेंट

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 12 मई, 2022
उत्तरी दिल्ली नगर निगम का अतिक्रमण, अवैध मीट शॉप्स और आवारा पशुओं के खिलाफ त्रिस्तरीय अभियान जारी है। एक सप्ताह से चल रहे इस अभियान के तहत गुरूवार को भी निगम के बुल्डोजर का कहर जारी रहा। गुरूवार को उत्तरी दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र में के.एन काटजू मार्ग, करोलबाग क्षेत्र में प्रेम नगर व सिटी- सदर पहाड़गंज क्षेत्र में तुर्कमान गेट इलाके में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम के बुल्डोजर का अभियान जारी रहा। उत्तरी दिल्ली के निगम आयुक्त

यह भी पढ़ेंः उठा निगम कर्मियों की सेलरी व पेंशन का सवाल… तो आयुक्त बोले…

संजय गोयल ने बताया कि रोहिणी क्षेत्र में के.एन काटजू मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान लगभग 120 अस्थायी संरचनाओं / झुग्गियों के साथ स्थायी प्लेटफॉर्म, 08 आधी टूटी हुई लकड़ी की मेज, लकड़ी के काउंटर, लकड़ी के बोर्ड, दो क्षतिग्रस्त सोफे, लगभग 50 गद्दों को 2 जेसीबी और 8 डंपरो की सहायता से हटाया गया। मौके से करीब 25 से 28 ट्रक मालबा भी निगम द्वारा हटाया गया। सड़क के दोनों ओर करीब 1500 मीटर क्षेत्र से अस्थाई अतिक्रमण हटाया गया।
दूसरी ओर करोलबाग क्षेत्र के वार्ड नं. 98 में प्रेम नगर, गली नंबर 6 में अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस और 70 निगम कर्मचारियों की मदद से लगभग 3000 वर्ग मीटर क्षेत्र खाली कराया गया। इलाके से लगभग 20 राउंड ट्रक और 80 राउंड ऑटो टिपर द्वारा कचरा हटाया गया।

यह भी पढ़ेंः पूर्व मेयर ने दिल्ली सरकार से मांगे नगर निगम के 521 करोड़

उत्तरी दिल्ली नगर निगम के एंटी एन्क्रोचमेंट मूवमेंट के तहत गुरूवार को तुर्कमान गेट क्षेत्र के आसपास अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान 19 निगम कर्मचारियों की मदद से लगभग 22 विक्रेताओं को हटाया गया और 34 वस्तुओं को जब्त किया गया। निगम के लाइसेंस विभाग एंव अभियांत्रिकी विभाग द्वारा संयुक्त टीम के रूप में अतिक्रमण हटाया गया। उपरोक्त कार्रवाई यातायात को सुगम बनाने और पैदल मार्ग से अतिक्रमण हटाने का एक प्रयास है।
निगम आयुक्त ने बताया कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के अतिक्रमण हटाने के अभियान स्थानीय पुलिस को पूर्व सूचना के साथ एमसीडी अधिनियम, 1957 की धारा 321/322/323/325 के तहत निगम द्वारा सभी वार्डों/जोनों में नियमित रूप से नोटिस /बिना नोटिस के नियमित रूप से किए जाते हैं।

यह भी पढ़ेंः दिल्ली नगर निगम के समक्ष चुनौतियां और स्पेशल ऑफिसर की नियुक्ति में देरी

आयुक्त संजय गोयल ने कहा कि अतिक्रमण हटाने का अभियान उत्तरी दिल्ली नगर निगम की एक नियमित प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि साथ ही उत्तरी दिल्ली नगर निगम अवैध मांस की दुकानों और खुले में मांस बेचने वाले विक्रेताओं के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। अब तक निगम द्वारा लगभग 100 अवैध मीट की दुकानों को सील किया गया है और 70 से 80 अस्थायी संरचनाओं को निगम अधिकार क्षेत्र से हटाया गया है।