बीजेपी का एक और ‘जुमला’!… बिना ‘पोस्ट क्रियेशन’ के पक्के नहीं हो सकते 16 हजार से ज्यादा कर्मचारी… डीबीसी की हड़ताल जारी

-बीजेपी ने की है नगर निगम के 16 हजार 346 कर्मचारियों को पक्का करने की घोषणा

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
नगर निगम चुनाव आते देख दिल्ली में तीनों प्रमुख सियासी दलों भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस बेहद सक्रिय नजर आ रहे हैं। दिल्ली बीजेपी ने तो अपने तीनों नगर निगमों के 16 हजार 346 डेली वेजर-एवजीदार सफाई कर्मचारियों को निगम चुनाव से पहले पक्का करने का ऐलान कर दिया है। लेकिन उत्तरी दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति में लाये गये सफाई कर्मचारियों को नियमित करने के प्रस्ताव ने पार्टी के दावों की पोल खोलकर रख दी है। दूसरी ओर डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स (डीबीसी) की हड़ताल और धरना-प्रदर्शन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी है।

यह भी पढ़ेंः BJP शासित नॉर्थ DMC का कारनामाः लाखों रूपये बकाया फिर भी बिना टेंडर के दे दिये उन्हीं ठेकेदारों को 5 पार्किंग का ठेके

इसके बाद बीजेपी का अपने 16 हजार से ज्यादा एवजीदार सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का ऐलान ‘जुमला’ नजर आने लगा है। दरअसल उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने अपने 6 हजार से ज्यादा सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का ऐलान किया है। लेकिन खास बात है कि उत्तरी निगम में सफाई कर्मचारियों के कुल 2673 पद ही खाली हैं। इनमें से भी केवल 500 पदों को भरने के लिए ही प्रस्ताव पास किया गया है।

यह भी पढ़ेंः DBC कर्मियों की हड़ताल में सियासी तड़का… नाला बेलदारों की हड़ताल खत्म

विशेष बात है कि बाकी के 2673 में से बाकी के 2173 खाली पदों में से 450 पद केवल कंपनसेटरी ग्राउंड पर भरे जाने हैं। ऐसे में केवल 1723 पद ही भरे जा सकते हैं। उत्तरी दिल्ली नगर निगम में इन 1723 पदों को भरने के लिए भी कागजी कार्रवाई पूरी नहीं हो पाई है। ऐसे में बीजेपी का उत्तरी दिल्ली नगर निगम में 6 हजार से ज्यादा और तीनों नगर निगमों में सफाई कर्मचारियों के 16 हजार 346 पदों को चुनाव से पहले भरा ही नहीं जा सकता है।
प्रस्ताव में पद खाली होने पर ही भरे जाने की शर्त
उत्तरी दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति में एवजीदार सफाई कर्मचारियों को नियमित किये जाने के संबंध में लाये गये प्रस्ताव में स्पष्ट तौर पर लिखा गया है कि इन कर्मचारियों को तभी पक्का किया जायेगा जबकि जो नियमित पद खाली हो जायेंगे। इसका अर्थ है कि जैसे जैसे पहले से नियुक्त सफाई कर्मचारी रिटायर होते जायेंगे, तभी खाली हुए पदों को भरा जायेगा। ऐसे में हजारों की संख्या में सफाई कर्मचारियों को पक्का किये जाने का दावा बीजेपी का एक और ‘जुमला’ ही नजर आता है।
बिना ‘पोस्ट क्रियेशन’ के नहीं हो सकते पक्के
दिल्ली बीजेपी के नेताओं ने तीनों नगर निगमों के 16 हजार से ज्यादा सफाई कर्मचारियों को पक्का किये जाने का ऐलान तो कर दिया है लेकिन इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों को पक्का करने के लिए पोस्ट क्रयेशन यानी कि पदों की सीमा को बढ़ाये जाने की जरूरत है। ऐसे में हजारों की संख्या में कर्मचारियों को पक्का किये जाने का दावा महज चुनावी वादा नजर आ रहा है।
चुनाव से पहले ताल कटोरा स्टेडियम में नियुक्ति पत्र बांटने की तैयारी
दिल्ली के तीनों नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी की सत्ता है। अप्रैल महीने में नगर निगम के चुनाव होने हैं। बीजेपी ने चुनाव से पहले कुछ कर्मचारियों को पक्का करने के नियुक्ति पत्र बांटने के लिए ताल कटोरा स्टेडियम में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रखी है। इससे पहले कुछ कर्मचारियों को पक्का करने के नियुक्ति पत्र सिविक सेंटर के ऑडिटोरियम में भी बांटे जा चुके हैं। लेकिन इस बार निगम चुनाव सामने है अतः पार्टी की तैयारी एक भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की है, ताकि इसका सियासी लाभ उठाया जा सके।
डीबीसी कर्मियों का धरना-हड़ताल जारी
नौकरी को पक्का करने की मांग को लेकर तीनों नगर निगमों के डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स की हड़ताल बुधवार को तीसरे दिन भी जारी है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को दूसरे दिन शाम को पुलिस की ओर से इन कर्मियों का धरना-प्रदर्शन खत्म कराने की कोशिश की गई थी। लेकिन डीबीसी कर्मचारी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं और बुधवार को सुबह से फिर से उनका धरना शुरू हो गया।