नीमड़ी कालोनी वार्ड से चुनाव लड़ेंगे आप नेता विकास गोयल

-उत्तरी दिल्ली के वार्ड संख्याः 74 से की जा रही तैयारी

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा वार्डों की रोटेशन लिस्ट जारी करने के बाद सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के साथ ही दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के वर्तमान पार्षदों ने अपने नये ठिकानों की तलाश शुरू कर दी है। तीनों नगर निगमों में विपक्ष की भूमिका निभा रही आम आदमी पार्टी के वर्तमान पार्षदों ने अपने लिये वार्ड निर्धारित कर लिये हैं। इसी कड़ी में उत्तरी दिल्ली नगर निगम में विपक्ष के नेता विकास गोयल का नया ठिकाना अब नीमड़ी कालोनी होगी। जी हां बताया जा रहा है कि विकास गोयल अब वार्ड संख्या 74 से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट गये हैं।

यह भी पढ़ेंः नगर निगम चुनावः दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा सीटों के रोटेशन का मामला

फिलहाल विकास गोयल वजीरपुर वार्ड से निगम पार्षद हैं और बीते दो वर्षों से आप पार्टी ने उन्हें नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सोंप रखी है। वार्डों का रोटेशन होने के बाद उन्होंने नीमड़ी कालोनी वार्ड में जनसंपर्क करना शुरू कर दिया है। इस वार्ड में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनके लिए चुनाव कार्यालय भी खोल दिया है, ताकि स्थानीय निवासियों और कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क साधा जा सके। बता दें कि अभी इस वार्ड से आम आदमी पार्टी की नीतू आजाद निगम पार्षद हैं। यह वार्ड अब तक अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए आरक्षित था, लेकिन अब इसे सामान्य और वजीरपुर वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कर दिया गया है। ऐसे में नीतू आजाद वजीरपुर से चुनाव मैदान में उतर सकती हैं।

यह भी पढ़ेंः BJP नेता ने अपनी पत्नी के लिए बदलवाया सीट का आरक्षण!

पिछले कई दिनों से विकास गोयल नीमड़ी कालोनी वार्ड में जनसंपर्क अभियान में जुटे हैं। कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर आप के युवा नेता व निगम पार्षद नीतू आजाद के पति अभिषेक आजाद ने स्थानीय कार्यकर्ताओं से परिचय कराते हुए कहा कि विकास गोयल उत्तरी दिल्ली नगर निगम में विपक्ष के नेता की भूमिका बड़ी ही मजबूती के साथ निभा रहे हैं। वहीं विकास गोयल ने भी स्थानीय विधायक राजेश गुप्ता और पार्टी के नेताओं का आभ्ज्ञार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी का आदेश हुआ तो वह पार्षद नीतू आजाद के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाते रहेंगे और स्थ्ज्ञानीय लोगों की सेवा अपने परिवार की तरह करते रहेंगे।