सफाई कर्मियों के लिए खुशखबरी… 26 जनवरी तक 250 को मिल जायेगी पक्की नौकरी

-सोमवार तक पक्के हो जायेंगे 100 कच्चे सफाई कर्मचारी, 26 से पहले पूरा होगा 500 का आंकड़ा
-स्थायी समिति की अगली बैठक में लाया जायेगा 2003 तक के बाकी को पक्का करने का प्रस्ताव
  मेयर राजा इकबाल सिंह

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के लिए काम करने वाले कच्चे सफाई कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। मेयर राजा इकबाल सिंह के कार्यालय से प्राप्त सूचना के मुताबिक सोमवार यानी कि 24 जनवरी 2022 तक 100 और कच्चे सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का आदेश जारी कर दिया जायेगा। इसके साथ ही 26 जनवरी तक करीब 250 कर्मचारियों को पक्का करने का नियुक्ति पत्र सोंप दिया जायेगा।

यह भी पढ़ेंः दिल्लीः एक नहीं होंगे नगर निगम… अप्रैल में होगा तीनों निगमों का चुनाव

इसके साथ ही स्थायी समिति की अगली बैठक में 2003 तक के बाकी के सभी कच्चे सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का प्रस्ताव लाया जायेगा। ताकि जिन कच्चे सफाई कर्मचारियों को अभी तक पक्का करने का काम पूरा नहीं किया जा सका है, उन्हें भी पक्की नौकरी दी जा सके। बता दें कि पिछले दिनों उत्तरी दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति और सदन ने 2003 तक के कच्चे कर्मचारियों में से 500 कर्मियों को पक्का करने का प्रस्ताव पारित किया था।

यह भी पढ़ेंः दिल्लीः ज्यादातर पार्षद चुनावी रेस से बाहर… जनवरी में ही होगा रोटेशन का ऐलान

उनमें से करीब 250 कर्मचारियों को पहले ही पक्का किया जा चुका है, जबकि बाकी के 250 कच्चे कर्मचारियों को 24 जनवरी से 26 जनवरी के बीच पक्का करने के नियुक्ति पत्र सोंप दिये जायेंगे। बताया जा रहा है कि इन सभी कर्मचारियों की नियुक्ति से संबंधित फाइलों को पूरा करा लिया गया है। कुछ कर्मियों की फाइलों में अभी कुछ कमियां हैं, उन्हें भी जल्दी पूरा करा लिया जायेगा।

यह भी पढ़ेंः दिल्ली समेत 6 राज्यों में पांच दिन रहेगा हाड़ कंपाने वाली ठंड का प्रकोप

उत्तरी दिल्ली के मेयर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि ‘‘हम सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सफाई कर्मचारियों को पक्की नौकरी देने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। हमारे अधिकारी इस काम में जी-जान से जुटे हुए हैं। जिन कर्मचारियों की फाइलों की औपचारिकताएं पूरी होती जा रही है, उन्हें नियुक्ति पत्र दिये जा रहे हैं। जल्दी हमारी ओर से कुछ और सफाई कर्मचारियों को खुशखबरी मिलेगी।’’