चंडीगढ़ में आप को झटका… मेयर पद पर भाजपा ने बाजी मारी… 1 आप पार्षद ने की क्रॉस वोटिंग

-कांग्रेस के हाथ के साथ बीजेपी की सरबजीत कौर बनीं चंडीगढ़ शहर की मेयर

शक्ति सिंह/ चंडीगढ़
चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) को करारा झटका लगा है। आप का चंडीगढ़ के मेयर पद जीतकर साथ सत्ता संभालने का सपना शनिवार को चूर-चूर हो गया। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरबजीत कौर ने एक वोट से चुनाव जीत लिया। इसके चलते शहर के मेयर पद पर बीजेपी का कब्जा हो गया है। खास बात है कि मेयर पद के चुनाव में आप का एक वोट रद्द हो गया, जबकि सीनियर डिप्टी मेयर के पद पर आम आदमी पार्टी के एक पार्षद ने क्रॉस वोटिंग करते हुए बीजेपी को वोट दिया। जिसकी वजह से बीजेपी ने सीनियर डिप्टी मेयर के पद पर भी अपना कब्जा जमा लिया। कांग्रेस के एक पार्षद ने जहां बीजेपी का साथ दिया, वहीं कांग्रेस के बाकी 7 और शिरोमणि अकाली दल के एक पार्षद ने मेयर पद पर हुए चुनाव में हिस्सा नहीं लिया।

यह भी पढ़ेंः करोलबाग में 27 करोड़ की हेराफेरी… उपराज्यपाल संदेह के घेरे में!

आप ने अंजू कत्याल को मेयर पद के लिए हुए चुनाव में उतारा था। मेयर चुनाव के लिए शनिवार को हुए मतदान में कुल 28 वोट पड़े। भाजपा प्रत्‍याशी ने 14 वोट हासिल कर अपनी जीत दर्ज की। जबकि आप की अंजू कत्याल को 13 वोट ही मिल सके। आम आदमी पार्टी का एक वोट केंसल हो गया। दूसरी ओर सीनियर डिप्टी मेयर पद पर हुए चुनाव में बीजेपी के दिलीप शर्मा को 28 में से 15 वोट हासिल हुए। जबकि आप प्रत्याशी प्रेमलता को 13 वोट ही मिल सके। सूत्रों का कहना है कि इस पद पर आप के एक पार्षद ने बीजेपी के पक्ष में वोट दिया। जिसकी वजह से दिलीप शर्मा को 14 के बजाय 15 वोट प्राप्त हुए।

यह भी पढ़ेंः नॉर्थ निगम फटेहालः फिर भी पार्षदों को मिलेगा 2 करोड़ का फंड!

शनिवार को सुबह 11 बजे सभी पार्षद मतदान के लिए नगर निगम पहुंच गए थे। इसके बाद मेयर चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में 35 वोट डाले जाने थे, लेकिन सिर्फ 28 वोट डाले गए, क्‍योंकि मेयर चुनाव के दौरान कांग्रेस के 7 पार्षद और शिरोमणि अकाली दल का 1 पार्षद सदन से नदारद रहे। इस दौरान आम आदमी पार्टी के 14 और भाजपा के 13 पार्षदों के अलावा चंडीगढ़ से भाजपा सांसद किरण खेर ने भी वोट डाला। मतगणना के बाद भाजपा की सरबजीत कौर को चंडीगढ़ का नया मेयर घोषित किया गया। आम आदमी पार्टी का एक वोट इनवैलिड होने की वजह से मेयर पद जीतने का दावा और दांव फेल हो गये।

यह भी पढ़ेंः सुरक्षा में चूकः सफल रहा कांग्रेस का मास्टर प्लान… कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच सके पीएम मोदी!

आप पार्षदों ने किया हंगामा
चंडीगढ़ के मेयर पद पर भारतीय जनता पार्टी की सरबजीत कौर की जीत के बाद आम आदमी पार्टी के पार्षदों व नेताओं ने हंगामा कर दिया। निकाय चुनाव में 14 पार्षदों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी आप ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। चुनाव के बाद आप पार्षद मेयर की कुर्सी के पीछे ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर विनय प्रताप सिंह को नगर निगम के अंदर जाने से रोकने की कोशिश भी की गई। लेकिन धक्‍का-मुक्‍की के बीच वह आखिरकार अंदर पहुंच ही गए।
मेयर के माइक का तार निकाला
जीत के बाद मेयर सरबजीत कौर को नगर निगम में भाषण देना था, लेकिन इससे पहले ही आप पार्षदों में माइक की तार निकाली दी। हालांकि भारी धक्का-मुक्की के बीच उन्‍होंने भाषण दिया और सभी का धन्‍यवाद व्‍यक्‍त किया। बता दें कि 35 सीटों वाले चंडीगढ़ नगर निगम में आप ने 14, बीजेपी ने 12, कांग्रेस ने 8 और शिरोमणि अकाली दल ने 1 सीट जीती थी। बाद में कांग्रेस का एक निगम पार्षद बीजेपी में शामिल हो गया। इसके साथ ही चंडीगढ़ नगर निगम में स्थानीय सांसद को भी वोट डालने का अधिकार है। इसकी वजह से बीजेपी अपना गणित बैठाने में सफल रही।