रोहिणी में बिल्डर माफिया का राज… रातोंरात खड़े हो रहे अवैध निर्माण

-पॉकेट बी, फेज-4, रोहिणी सेक्टर 26 में जोरों पर अवैध निर्माण
-दो प्लाटों को अवैध रूप से मिलाकर खड़ी कर दी बहुमंजिला इमारत
-डीडीए व नगर निगम से शिकायतों के बावजूद भी नहीं हो रही कार्रवाई

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी शासित नगर निगम में पूरी दिल्ली अवैध निर्माणों की भेंट चढ़ चुकी है। बिल्डर माफिया इस कदर हावी है कि क्षेत्रीय उपायुक्त से लेकर निगम आयुक्त और डीडीए अधिकारियों के यहां शिकायतों का भी इस बिल्डर माफिया पर कोई असर नहीं हो रहा है। हालात इतने बिगड़े हुए हैं कि धड़ल्ले से अवैध निर्माण करके बिल्डर माफिया चांदी काट रहा है, लेकिन इन्हें रोकने वाला कोई नहीं।

यह भी पढ़ेंः बिल्डर माफिया पर कार्रवाईः सील हुआ AGM प्लाजा, एटूजैड न्यूज की खबर का असर

ताजा मामला उत्तरी दिल्ली के रोहिणी जोन के रोहिणी सेक्टर-26 का है। यहां बिल्डर माफिया एक के बाद एक इमारतों पर इमारतें खड़ी करता जा रहा है। नियम-कायदे और कानूनों को ताक पर रखकर जनता की जान को जोखिम में डाला जा रहा है। क्षेत्रीय लोग शिकायतें करके थक चुके हैं। इसके बावजूद निगम अधिकारी बिल्डर माफिया के खिलाफ कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं हैं। बताया यह भी जा रहा है कि ये ‘सियासत-माफिया और निगम अधिकारियों के गठजोड़’ का ही नतीजा है।

यह भी पढ़ेंः North DMC: अफसरसाही व निगम नेतृत्व की लापरवाही… नगर निगम को करोड़ों की चपत… तीन साल से जंग खा रहे 104 टेंकर

रोहिणी सेक्टर-26 के फेज-4 स्थित पॉकेट-बी में कई बहुमंजिला इमारतों का निर्माण जोरों पर है। फेज-4 के द्वारकाधीश एन्क्लेव में पॉकेट-बी की संपत्ति संख्याः 81 में बड़े स्तर पर अवैध निर्माण किया गया है। यहां के बिल्डर माफिया संजय जैन के खिलाफ कंपलेंट संख्याः 20210819000085119 की गई, लेकिन 25-50 गज के मकानों को तुरंत तोड़ने पहुंच जाने वाले निगम अधिकारियों ने डेढ़ महीने बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की।

यह भी पढ़ेंः करोलबाग में माफियाराजः 2012 से सील पड़े ‘मोबाइल मार्केट शॉपिंग कॉम्पलेक्स’ में धड़ल्ले से चल रहा करोड़ों का कारोबार

इसी तरह रोहिणी सेक्टर-26 के फेज-4 स्थित द्वारकाधीश एन्क्लेव में ही पॉकेट-बी की संपत्ति संख्याः 123 में भी यही खेल किया जा रहा है। बिल्डर माफिया द्वारा अवैध रूप से दो प्लॉट मिलाकर कुल 323 वर्ग मीटर में इल्लीगल कंस्ट्रक्शन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत भी कंपलेंट संख्याः 20210830000086228 के तहत की, लेकिन निगम अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी।