बिधुड़ी ने साधा केजरीवाल पर निशाना

– डिवाइड एंड रूल का सोया हुआ जिन्न जगा रहे हैं केजरीवालः रमेश बिधूड़ी
– सत्ता पाने के लिए देश को तोड़ने की गंदी राजनीती कर रहे हैं केजरीवाल
– दिल्ली की जनता केजरीवाल की असलियत जान चुकी है – रमेश बिधुड़ी

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
दक्षिणी दिल्ली के सांसद रमेश बिधुड़ी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की उत्तर भारत स्वाभिमान यात्रा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अपनी इस यात्रा के जरिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। उनका यह कदम देश में फूट डालने वाला कदम है। बिधुड़ी ने कहा कि उत्तर भारत स्वाभिमान यात्रा करके केजरीवाल फूट की राजनीती को हवा दे रहे हैं। आज जब देश प्रगति के रास्ते पर तेज़ी से बढ़ रहा है ऐसे में आम आदमी पार्टी का उत्तर भारत स्वाभिमान यात्रा करके दिल्ली में रहने वाले दूसरे प्रांतों जैसे महाराष्ट्र, दक्षिण भारतीय एवं उत्तर पूर्वी, पूर्वी प्रांतों के लोगों में असुरक्षा की भावना को बढ़ाने का काम कर रहे हैं। बिधुड़ी ने कहा कि दिल्ली में उत्तर भारत स्वाभिमान यात्रा करने की नौटकी करके केजरीवाल क्या हासिल करना चाहते हैं। अगर उन्हें सही में उत्तर भारतीयों स्वाभिमान की चिंता है तो ऐसी रैलियां महाराष्ट्र, दक्षिण भारतीय, उत्तर पूर्वी और पूर्वी राज्यों में करें। दिल्ली में तो वैसे भी हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, जम्मू कश्मीर एवं उत्तर भारतीय प्रांतों के लोग रहते हैं। यहां ऐसी रैली करके केजरीवाल भारत दूसरे प्रांतों जैसे महाराष्ट्र, दक्षिण भारतीय राज्यों के लोगों में असुरक्षा की भावना जगाकर अपना वोट बैंक मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं।
केजरीवाल लोगों को भावनात्मक रूप से लोगों को भड़काकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं। श्री बिधुड़ी ने कहा कि ये वही केजरीवाल हैं जिन्होंने जवाहर लाल नेहरू विश्विद्यालय में – भारत तेरे टुकड़े होंगे, इंशाअल्लाह इंशाअल्लाह – के नारे लगाने वालों को गले लगाया था। उन्होंने कहा कि देश को ऐसी ताकतों को पहचानकर उन्हें रोकना होगा। इनके देश-विरोधी मंसूबों को देश कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। आज केजरीवाल अपनी स्थिति स्पष्ट करें कि वो देश तोड़ने वालों की भाषा क्यों बोल रहे हैं। रमेश बिधुड़ी ने कहा कि आज 2018 में जब विभाजन के दौर की संताने अपने उम्र के अंतिम पड़ाव पर हैं लेकिन ऐसा लग रहा है कि कुछ स्वार्थी राजनीतिक पार्टियां देश को पीछे धकेलने की कोशिश कर रही हैं। आज डिवाइड एंड रूल का सोया हुआ जिन्न अब केजरीवाल के रूप में जाग गया है। जिस भारत को एकजुट करने में सरदार पटेल, शहीद भगत सिंह ,सुभाष चंद्र बोस, खुदी राम, अशफाक उल्ला खान, जैसे लोगों ने हंसते-हंसते अपनी बलि दे दी उसी एकजुटता को तहस-नहस करने का घातक खेल केजरीवाल जैसे लोग अपनी घृणित वोट राजनीति को बढ़ावा देने के लिए कर रहे हैं। जैसे अंग्रेजों ने “फूट डालो राज करो“ की नीति अपनाई थी ठीक उसी तरह केजरीवाल जैसे लोग दिल्ली जैसे सार्वलौकिक प्रदेश में अपनी संकुचित और विभाजन की राजनीति के तहत “उत्तर भारतीय स्वाभिमान यात्रा“ का नारा दे रहे हैं। यह अभियान भारत के अलग अलग क्षेत्रों के लोगों को बांटने की रणनीति अपना रहा है और योजनाबद्ध रूप से विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के प्रति शक को बढ़ावा देने का काम करेगा, श्री बिधुड़ी ने कहा।
आज केजरीवाल और उनकी पार्टी के लोग समाज की समरसता की बहुमूल्य पूंजी को तार-तार करने का काम कर रहे हैं। इसी योजना के तहत केजरीवाल उत्तर भारतीयों को भावनात्मक रूप से बरगलाकर अपनी राजनीति चमकाना चाहते हैं। केजरीवाल दिल्ली को दक्षिण भारतीय, पूर्वी भारतीय व उत्तर पूर्वी भारतीय प्रान्तों के नाम पर बांट कर दिल्ली पर अपना कब्जा बरकरार रखना चाहते हैं। केजरीवाल की यह पहल देश में खतरनाक बंटवारे की राजनीति को मजबूत करने की आहट दे रहा है, श्री बिधुड़ी ने कहा। बिधुड़ी ने ज़ोर देकर कहा कि केजरीवाल एंड पार्टी भारतीयों को आपस में बांटकर सत्ता पर बने रहना चाहते हैं और सह अस्तित्व के विचार को हाशिए पर पहुंचा देना चाहते हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध समाज के अंदर जन -चेतना उत्पन्न करना अति आवश्यक हो गया है ताकि ऐसे लोग अपने खतरनाक मंसूबों में सफल ना हो पाए।