यूपी में तो योगी ही होंगे बीजेपी का चेहरा

-राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने मंत्रियों के साथ बैठक में दिए संकेत

एसएस ब्यूरो/ लखनऊ
उत्तर प्रदेश के सियासी मैदान में छाई धुंध अब छंटने लगी है। राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ ही भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने 22 जून 2021 को कैबिनेट मंत्रियों, राष्ट्रीय पदाधिकारियों और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ हुई बैठक में साफ संकेत दे दिए। संकेत है कि मिशन-2022 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही भाजपा का चेहरा होंगे। ‘सबका साथ-सबका विकास’ ही पार्टी की नीति रहेगी और इसी मंत्र के सहारे पार्टी विधानसभा चुनाव में उतरेगी।

यह भी पढ़ेंः- पंजाबः भारी पड़ा सिद्धू का बड़बोलापन… कैप्टन को मली चुनावी कमान

पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने जिस तरह योगी सरकार की तारीफ की और बैठक में सरकार और उसकी विकास योजनाओं को आम लोगों तक ले जाने के लिए भी कहा, इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी योगी के नेतृत्व में ही अगला चुनाव लड़ेगी। बीएल संतोष ने मंत्रियों कहा कि सब कुछ सरकार करेगी तो कैसे होगा? आप लोग भी सक्रिय होकर चुनाव में जुटें और सरकार के काम को जनता के बीच ले जाया जाए। बैठक में यह सीधा संदेश दिया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज को लेकर ही पार्टी चुनाव में उतरेगी।

यह भी पढ़ेंः- तीन हिस्से करने की मांग… जम्मू-कश्मीर की राह पर पश्चिम बंगाल

बीएल संतोष ने मंत्रियों से कहा किया कि चुनाव से पहले कामकाज का पूरा ब्योरा तैयार करें। उन्होंने लोकसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि जब हम चुनाव में उतरते थे तो कहते थे कि मोदी ने इतना काम किया है कि कोई दिक्कत नहीं होगी। कुछ वैसा ही यूपी में हुआ है। हम कानून-व्यवस्था की बात करते थे, कानून व्यवस्था दुरुस्त है। विकास हुआ है और भ्रष्टाचार कम किया गया है। बस मंत्रियों को लोगों के बीच इसे सटीक तरीके से ले जाना है।

यह भी पढ़ेंः- भारत को मुस्लिम देश बनाने की साजिश… खाड़ी के देशों से जुड़े तार

बैठक में शामिल पार्टी नेताओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मिशन-2022 के लिए जरूरी है कि जो काम प्रदेश सरकार ने किए हैं, उन्हें लोगों को बताया जाए। बताएं कि यह कार्य इससे पहले की किसी सरकार ने नहीं किए हैं। पारदर्शिता से युवाओं को नौकरियां दीं। बेसिक शिक्षा का मुद्दा आने पर सीएम ने कहा कि पारदर्शिता से शिक्षकों की मांग के अनुरूप तबादले किए गए हैं। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस की नीति से काम किया गया और चार लाख भर्तियां कर युवाओं को नौकरियां दी गईं।
एक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने सुनाई खरी-खोटी
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ हुई बैठक में पार्टी के एक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन के लोगों को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जब विधानसभा चुनाव सिर पर हैं ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार की बातें क्यों नहीं रोकी गईं? क्यों नहीं इन अटकलों पर विराम लगाया गया कि नेतृत्व बदलाव होगा। कोई डिप्टी सीएम बनेगा, कोई मंत्री बनेगा। इन अटकलों को विराम लगाना चाहिए था। इससे पार्टी को नुकसान हुआ है और आम लोगों में भ्रम की स्थिति फैलती है। एक अन्य पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत चुनाव आ रहे हैं और उसमें हमें जीत सुनिश्चित करनी होगी। थाने और तहसील को मजबूत करना होगा क्योंकि इससे आम आदमी परेशान होता है।