बदलाव की बयारः बीजेपी ने बदले तीनों महापौर

-राजा इकबाल सिंह उत्तरी दिल्ली व मुकेश सूर्यान होंगे दक्षिणी दिल्ली के महापौर
-श्याम सुंदर अग्रवाल को पूर्वी दिल्ली की कमान, छैल बिहारी, इंद्रजीत, सत्यपाल होंगे नेता सदन

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी साल में तीनों महापौर बदल दिये हैं। अब सरदार राजा इकबाल सिंह उत्तरी दिल्ली, मुकेश सूर्यान दक्षिणी दिल्ली और श्याम सुंदर अग्रवाल पूर्वी दिल्ली के महापौर होंगे। बीजेपी ने किसी उपमहापौर को भी प्रमोशन नहीं दिया है। अर्चना को उत्तरी दिल्ली, पवन शर्मा को दक्षिणी दिल्ली और किरण वैध को पूर्वी दिल्ली का उपमहापौर बनाया जायेगा। खास बात है कि छैल बिहारी और मास्टर सत्यपाल अपने आपको लाइमलाइट में बनाये रखने में कामयाब साबित रहे हैं। महापौर एवं उप महापौर पदों के लिए आज यानी कि मंगलवार 8 जून 2021 को ही नामांकन किये जा रहे हैं। इन पदो के लिए चुनाव 16 जून 2021 को होगा। जबकि नेता सदन का पद आज मंगलवार 8 जून 2021 से ही प्रभावी माना जायेगा।

बीजेपी ने पमहापौर के साथ ही तीनों नेता सदन को भी बदल डाला है। अब छैल बिहारी उत्तरी दिल्ली, इंद्रजीत सहरावत दक्षिणी दिल्ली और मास्टर सत्यपाल सिंह पूर्वी दिल्ली नगर निगम में बीजेपी के नेता सदन होंगे। महापौर एवं उपमहापौर के साथ स्थायी समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्षों को भी बदला गया है। अब जोगीराम जैन उत्तरी दिल्ली, कर्नल बीके ओबेरॉय दक्षिणी दिल्ली और वीर सिंह पंवार पूर्वी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति के अध्यक्ष होंगे। इसी तरह विजय कुमार भगत को उत्तरी दिल्ली, पूनम भाटी को दक्षिणी दिल्ली और दीपक मल्होत्रा को पूर्वी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति का उपाध्यक्ष घोषित किया गया है। बता दें कि स्थायी समिति के लिए चुनाव की प्रक्रिया महापौर के चुनाव के बाद शुरू की जाती है।