-रोजाना ताज में 5 हजार व किला में 2500 को मिलेगा प्रवेश
-17 वीं शताब्दी के बाद पहली बार 188 दिन बंद रहा ताज
-ऑनलाइन खरीदने होंगे टिकट, नहीं खुलेंगी टिकट विंडोज
एसएस ब्यूरो/ आगरा
दुनिया के अजब-गजब नमूनों में से एक ताजमहल को लोगों के दीदार के लिए खोल दिया गयाहै। लेकिन इसे देखने के लिए अभी रोजाना केवल 5 हजार लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा। बता दें कि बीते 17 मार्च से बंद ताजमहल और आगरा का किला को 21 सितंबर सोमवार से आम लोगों के लिए खोल दिया गया है।
यह भी पढ़ें- UP: नगर पालिका अध्यक्ष के घर चल रहा था बूचड़खाना… पुलिस की छापेमारी में हुआ खुलासा
उत्तर प्रदेश के आगरा में दो बड़े ऐतिहासिक स्थल हैं। इनमें से पहला ताज महल और दूसरा लाल किला है। इन दोनों को ही सोमवार से फिर से खोल दिया गया है। अब पर्यटक 17 मार्च से बंद ताजमहल और आगरा का किला देख सकेंगे। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारियों ने इन दोनों स्थलों को फिर से खोलने के लिए सभी जरूरी इंतजाम कर लिए हैं। इस दौरान कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करना होगा। 17वीं सदी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब ताजमहल इतने लंबे समय तक यानी 188 दिन बंद रहा है।
यह भी पढ़ें- माफिया अतीक का सियासी किला ध्वस्त… प्रयागराज विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई
ताजमहल में एक दिन में अधिकतम पांच हजार और आगरा किला में 2500 पर्यटकों को एंट्री मिल सकेगी। दोनों स्मारकों में टिकट विंडो बंद रहेंगे। ऑनलाइन टिकट बुक कराना होगा। क्यूआर कोड को स्कैन करके भी टिकट लिया जा सकता है। स्मारकों में स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) का पालन तय कराया जाएगा। सीआईएसएफ टूरिस्ट की जांच करेगी। तामजहल में शाहजहां और मुमताज की कब्रों को पर्यटक देख पाएंगे। लेकिन, मकबरे में एक बार में सिर्फ पांच पर्यटक ही अंदर जा पाएंगे।
अब तक तीन बार बंद हुआ ताजमहल
जानकारों का कहना है कि ताजमहल का निर्माण 1632 से 1648 के बीच हुआ था। तब से लेकर अब तक तीन बार इसके दरवाजे बंद हुए हैं। पहली बार साल 1971 में भारत-पाकिस्तान के बीच जंग के दौरान ताजमहल 15 दिन के लिए बंद रखा गया था। 1978 में आगरा में आई बाढ़ के दौरान भी इसे सात दिन के लिए बंद रखा गया था। इसके बाद कोरोना वायरस के चलते बीते 17 मार्च को ताज के दीदार पर 15 दिन की पाबंदी लगायी गई थी। लेकिन बाद में इसे अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया था। इसके बाद पूरे 188 दिन के बाद ताज महल के दरवाजे आम लोगों के लिए खोले गये हैं।
बंद हुए थे आगरा मंडल के 266 स्मारक
बता दें कि एएसआई ने आगरा मंडल में 266 और आगरा शहर में ताजमहल के अलावा लालकिला, मेहताब बाग, सिकन्दरा स्थित अकबर का मकबरा, मरियम का मकबरा, एत्माद्दौला जैसे आठ स्मारक बन्द कर दिए थे। इनमें से ताजमहल और आगरा का किला छोड़कर अन्य सभी स्मारकों को एक सितंबर से ही खोल दिया गया था।
यह भी पढ़ें- हिमाचल की सैर और ठहरने पर 40 फीसदी की छूट
पर्यटकों को माननी होंगी ये गाइडलाइंसः
पर्यटकों को मास्क लगाना, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा।
टिकट विंडो बंद रहेंगे। ऑनलाइन टिकट से एंट्री मिलेगी।
पार्किंग समेत सभी पेमेंट डिजिटल मोड में करने होंगे।
दीवारों व रेलिंग से दूर रहना होगा।
एंट्री से पहले थर्मल स्क्रीनिंग होगी। बिना लक्षण वाले ही प्रवेश पाएंगे।
स्मारक में ग्रुप फोटोग्राफी की मंजूरी नहीं होगी।
विदेशियों को एंट्री टिकट के लिए 1100 रुपए और देश के पर्यटकों को 50 रुपए देने होंगे।