DELHI-NCR में बिगड़ेगा मौसम का मिजाज

-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 3 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 1 मई।
राष्ट्रीय राजधानी में सप्ताह भर तक मौसम राहत भरा रहने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से तीन दिन धूल भरी तेज आंधी चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आंधी के लिए येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री तक रहने की उम्मीद है।
बृहस्पतिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। दिन में कई स्थानों पर बादल छाए रहे। धूप भी खिली रही, लेकिन 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलती रही। शाम के समय हवा की गति बढ़कर 50 किमी तक होने की आशंका है। गर्जन वाले बादल बनने और बिजली चमकने के भी आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के प्रभाव से धूल भरी आंधी के साथ बारिश होने से दिन और रात के तापमान में कमी आएगी। लू और गर्म हवाओं से लोगों को कुछ हद तक राहत मिलेगी। इस दौरान हवाएं 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।
नोएडा में धूल भरी आंधी-बारिश के साथ मई महीने की शुरुआत होगी। पूर्वी हवाओं के चलते तापमान में कमी आने से लोगों को हीट वेव से कुछ राहत मिली है। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अप्रैल माह बीतने के बाद मई की शुरूआत धूल भरी आंधी और बारिश के साथ हो रही है। जिससे तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बने रहने से लोगों को गर्मी से राहत रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार 2 और 3 मई को धूल भरी आंधी के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 3 से 6 मई तक आंशिक बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। लगातार बारिश होने से तापमान में कुछ कमी रहने से गर्मी से राहत मिलेगी। बता दें कि पिछले करीब एक सप्ताह से दिल्ली-एनसीआर मेकं लगातार तेज धूप और भीषण गर्मी हो रही है।
मई माह के शुरुआती दिनों में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। एक सप्ताह बाद तापमान फिर से बढ़ने से गर्मी अपना प्रकोप दिखाना शुरू करेगी। हवाओं से प्रदूषण भी नियंत्रित बना हुआ है। बुधवार को शहर का एक्यूआई 176 और ग्रेटर नोएडा का 140 दर्ज किया गया। जोकि सामान्य यानी येलो श्रेणी में रहा। गाजियाबाद और आस पास का मौसम भी करीब ऐसा ही रहा।
नहीं सुधरी दिल्ली की आबो-हवा
दिल्ली की वायु गुणवत्ता अभी मध्यम श्रेणी में ही बनी हुई है। बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे दिल्ली का एक्यूआई 167 रिकॉर्ड किया गया। इसे मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के शहरों में भी हवा मध्यम से खराब श्रेणी में चल रही है। पूर्वानुमान है कि हाल फिलहाल एक्यूआई की यही श्रेणी बनी रहेगी।