-पंच पर्व पर 19 साल बाद बन रहा त्रिपुष्कर योग, दीपावली पर बन रहा चतुर्ग्रही शुभ संयोग
आचार्य रामगोपाल शुक्ल/ नई दिल्ली
इस वर्ष धन तेरस के मौके पर खरीदारी का अच्छा योग बन रहा है। दीपोत्सव का पंचपर्व त्रिपुष्कर योग में शुरू होगा। यह दीपोत्सव धन त्रयोदशी से भाई दूज तक चलेगा। खास बात है कि धनतेरस पर 19 साल बाद त्रिपुष्कर का शुभ योग बन रहा है। हिन्दू पंचांग के अनुसार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रियोदशी तिथि को धन-त्रियोदशी या धनतेरस का पर्व मनाया जाता है। इस दिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजकर 30 मिनट तक खरीदारी के लिए भरपूर शुभ मुहूर्त है।
यह भी पढ़ेंः शुक्र का धनु राशि में प्रवेश… 30 अक्टूबर से बदल जाएगा इन राशियों का भाग्य
सनातन संस्कृति में इस दिन विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी की परंपरा है और खरीदारी के लिए इसे अबूझ मुहूर्त भी कहा जाता है। इस दिन त्रिपुष्कर योग बनने से हर तरह का निवेश और खरीदारी की जा सकती है। इस दिन प्रदोष और हस्त नक्षत्र का योग बनने से वाहन, भूमि, भवन, आभूषण व वस्त्रों की खरीदारी करना मंगलकारी रहेगा।
राहुकाल में नहीं करें खरीदारी
मंगलवार को धनतेरस के दिन दोपहर 3 बजे से 4 बजकर 30 मिनट तक राहुकाल रहेगा। ज्योतिषाचार्यो का मानना है कि धनतेरस के लिए राहुकाल के दौरान खरीदारी से बचना चाहिए। राहुकाल के दौरान खरीदारी से शुभ फलों की प्राप्ति नहीं होगी।
धनतेरस पर खरीदारी के शुभ मुहूर्त
धनतेरस के अवसर पर सुबह 8 बजे से 10 बजे तक, सुबह 10 बजकर 40 मिनट से दोपहर 1 बजकर 30 मिनट तक, दोपहर 1 बजकर 50 मिनट से 3 बजे तक और शाम 6 बजकर 30 मिनट से रात्रि 8 बजकर 30 मिनट का समय खरीदारी के लिहाज से शुभ रहेगा।
पूजन का शुभ मुहूर्त
धनतेरस के दिन पूजन के लिए शाम 6 बजकर 30 मिनट से 8 बजकर 30 मिनट के बीच स्थिर लग्न (वृष) रहेगी और स्थिर लग्न में की गई पूजा का फल हमेशा स्थिर रहने वाला होता है। धनतेरस को शाम 6ः30 से 8ः30 बजे के बीच पूजा का श्रेष्ठ मुहूर्त होगा।
पूजन की विधि
पूजास्थल में चावल या गेहूं की एक छोटी ढेरी बनाकर उस पर देसी घी का एक दिया जलाएं। माता लक्ष्मी का ध्यान करते हुए तीन बार श्रीसूक्त का पाठ करें। मां लक्ष्मी सहित सभी देवी देताओं को भोग लगाएं।
पंचपर्व की तिथियां एवं मुहूर्त इस प्रकार से हैंः-
धनतेरस, 2 नवंबर
धनतेरस के पूरे दिन को ही शुभ माना जाता है। लेकिन इस बार मंगलवार को धनतेरस के दिन सुबह 8 बजे से 10 बजे के बीच खरीददारी के लिए बेहद शुभ समय होगा। इसमें स्थिर लग्न (वृश्चिक) उपस्थित रहेगी, दूसरा शुभ मुहूर्त सुबह 10 बजकर 40 मिनट से दोपहर 1 बजकर 30 मिनट के बीच रहेगा। इस दौरान लाभ और अमृत के शुभ चौघड़िया मुहूर्त उपस्थित रहेंगे। दोपहर 1 बजकर 50 मिनट से 3 बजे के बीच भी खरीदारी के लिए स्थिर लग्न का शुभ मुहूर्त होगा। शाम 6 बजकर 30 मिनट से रात 8 बजकर 30 मिनट के बीच स्थिर लग्न का शुभ मुहूर्त रहेगा।
रूप चतुर्दशी, 3 नवंबर (छोटी दिवाली)
रूप चतुर्दशी को छोटी दीपावली भी कहा जाता है। इस पर्व पर बुधवार को पूरे दिन चित्रा नक्षत्र बना रहेगा। इस दिन चंद्रमा और बुध दोनों इस चित्रा नक्षत्र में रहेंगे और चंद्रमा पर बृहस्पति की दृष्टि होने के चलते घर की सजावट और सुख-सुविधाओं की चीजों की खरीदारी करना शुभ रहेगा।
दीपावली, 4 नवंबर
कार्तिक मास की अमावस्या के दिन दीपावली का पर्व मनाया जाता है। दीपावली के दिन गुरूवार को सूर्योदय के साथ ही चतुर्ग्रही शुभ योग शुरू हो जाएगा। इस दिन चतुर्ग्रही योग रातभर रहेगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार प्रदोषकाल में माता लक्ष्मी के साथ गणपति, सरस्वती, कुबेर और भगवान विष्णु की पूजा का विधान है। इस साल दिवाली पर एक ही राशि में चार ग्रहों की युति बनेगी, सूर्य, बुध, मंगल व चंद्र तुला राशि मे रहेंगे और गुरु व शनि मकर राशि में एक साथ होंगे। ग्रहों के इस योग की वजह से ये दिवाली अत्यंत शुभ रहेगी।
गोवर्धन पूजा, 5 नवंबर
दीपावली के अगले दिन यानी कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष के प्रथम दिन शुक्रवार को राजा बली पर भगवान विष्णु की विजय का उत्सव मनाया जायेगा। श्रीकृष्ण ने इसी दिन देवराज इंद्र के मानमर्दन के लिए गोवर्धन पर्वत को अपने नाखून पर धारण किया था। गोवर्धन पूजा के पर्व को देश भर में बड़ी ही श्ऱद्धा और विश्वास के साथ मनाया जाता है।
भैया दूज, 6 नवंबर
प्रति वर्ष कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भैया दूज का पर्व मनाया जाता है। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक इस दिन यमुना ने अपने भाई यम को अपने घर पर भोजन के लिए आमंत्रित किया था। यही वजह है कि आज भी इस दिन लोग अपने घर मध्यान्ह का भोजन नहीं करते। कल्याण और समृद्धि के लिए भाई को इस दिन अपनी बहन के घर में ही स्नेहवश भोजन करना चाहिए।
(यह आलेख भारतीय सनातन परंपरा एवं ज्योतिषीय सिद्धांतों पर आधारित है और जनरूचि को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके लिए कोई विशेष दावा नहीं है। अपने समाचार, लेख एवं विज्ञापन छपवाने हेतु संपर्क करेंः- ईमेलः newsa2z786@gmail.com मोबाइलः 7982558960)