अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे तीनों महापौर… निगम के 20 नेता देंगे भूख हड़ताल में साथ

-तीनों निगमों के नेता सदन, स्थायी समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्षों की भूख हड़ताल शुरू
-दिल्ली के करीब ढाई सौ वार्ड में भी शुरू हुई बीजेपी नेताओं-पार्षदों की भूख हड़ताल

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने राजधानी की केजरीवाल सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। तीनों नगर निगमों के 13 हजार करोड़ रूपये जारी करने की मांग को लेकर तीनों महापौर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। तीनों महापौर का साथ तीनों निगमों के स्थायी समिति अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदन के नेता भी देंगे। उनके साथ ही नगर निगम के करीब 20 नेता सीएम आवास पर भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।

यह भी पढ़ें- निगम के नेताओं ने बढ़ाया दबाव… सीएम आवास पर धरना स्थल से चल रहा कार्यालय का काम

        प्रवीन शंकर कपूर, प्रवक्ता, दिल्ली बीजेपी

दिल्ली बीजेपी ने घोषणा की है कि केवल महापौर और कुछ पार्षद ही नहीं बल्कि गुरूवार को दिल्ली के करीब 250 वार्डों (मंडलों) में निगम सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पार्षद और पार्टी के दूसरे नेता और पदाधिकारी भी भूख हड़ताल में हिस्सेदारी कर रहे हैं। पार्टी प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने बताया कि दिल्ली के 6 लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ता अपने महापौरों व निगम के नेताओं के समर्थन में गुरूवार को भूख हड़ताल रख रहे हैं। जबकि नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, निगम पार्षद व अन्य नेता दिल्ली विधानसभा का घेराव कर रहे हैं।

           प्रवक्ता नेहा शालिनी दुआ

पार्टी की एक और प्रवक्ता नेहा शालिनी दुआ ने बताया कि जब तक केजरीवाल सरकार दिल्ली के तीनों नगर निगमों की बकाया राशि जारी नहीं कर देती, तब तक बीजेपी और नगर निगम के नेताओं का धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी अपनी कमजोरियों को छिपाने के लिए नगर निगम पर ऐसे आरोप लगा रही है, जनमें कोई दम ही नहीं है। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री और दूसरे मंत्री केवल झूठे आरोपों के आधार पर दिल्ली वालों को गुमराह करने में जुटे हैं।

वहीं उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने कहा कि हमने आज (गुरूवार 17 दिसंबर) से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। तीनों नगर निगम बुरी तरह से आर्थिक बदहाली झेल रहे हैं। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों को पिछले चार महीनों से सेलरी नहीं दी जा सकी है। तीनों नगर निगमों के विकास कार्य पूरी तरह से ठप हो गए हैं। सफाई, स्वास्थ्य, शिक्षा व्यवस्था बिलकुल चरमरा गई है। लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री इस ओर बिलकुल ध्यान नहीं दे रहे हैं।

               महापौर जय प्रकाश

जय प्रकाश ने कहा कि आज हमें धरने पर बैठे हुए 11 दिन हो गए हैं। दिल्ली सरकार की ओर से मुख्यमंत्री या किसी मंत्री ने एक बार भी यहां आकर हमसे बात करने की कोशिश नहीं की। उन्होंने एक बार भी नगर निगमों की समस्या पर चर्चा नहीं की। पिछले दिनों दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन ने हमसे कहा था कि यदि कोई बकाया है तो वह तुरंत जारी कर दिया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसकी वजह से हमें मजबूरी में भूख हड़ताल पर बैठना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अब हम तभी यहां से उठेंगे, जब नगर निगमों की बकाया राशि केजरीवाल सरकार की ओर से जारी कर दी जाएगी।