DELHI-NCR में सप्ताह भर रहेगा मौसम सुहाना

-मौसम विभाग ने तीन दिन के लिए जारी किया येलो अलर्ट

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 19 जून।
दिल्ली-एनसीआर में अगले एक सप्ताह तक मौसम सुहाना रहेगा। बादल छाये रहेंगे और बारिश भी होगी। मौसम विभाग ने तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। इन दिनों में बारिश के साथ आंधी भी चलेगी। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 4.6 डिग्री कम है। जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.3 डिग्री कम आंका गया जो कि 24.2 डिग्री रहा।
दिल्ली में गुरूवार को बादल छाऐ रहे और कुछ इलाकों में हल्की एवं मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार 24 जून तक दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी से राहत रहेगी। इस शुक्रवार से मंगलवार तक आसमान में बादल छाये रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। गुरूवार, शनिवार और रविवार को तीन दिनां में बारिश के साथ 50 किलोमीटर की गति तक की हवाएं चल सकती हैं।
शुक्रवार को भी गरज के साथ हल्की बारिश होने व हवा चलने का अनुमान है। अधिकतम तापमान थोड़ा बढ़कर 36 से 38 डिग्री के बीच रह सकता है और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री, रविवार को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश होने और हवाएं चलने की संभावना है। तापमान में किसी बदलाव का अनुमान नहीं है। मंगलवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे परंतु बारिश होने की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान में किसी फेरबदल की संभावना नहीं है, वहीं न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 26 से 28 डिग्री के बीच रह सकता है।