आखिर टूट ही गया CONGRESS-AAP के बीच चल रहा चुनावी प्रेम-प्रसंग

-आगामी विधानसभा चुनावों में अलग अलग लड़ेंगे दोनों दल

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 4 जुलाई।
लोकसभा चुनाव (Loksabha Elections) से पहले चुनावी गठबंधन में बंधे कांग्रेस (Congress) और आम आदमी पार्टी (AAP) का प्रेम प्रसंग आधिकारिक तौर पर टूट गया है। आप के बाद अब कांग्रेस ने भी स्पष्ट कर दिया है कि आगामी विधानसभा चुनावों (Assembly Constituency) में कांग्रेस का गठबंधन आम आदमी पार्टी के साथ नहीं रहेगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश (Congress Jai Ram Ramesh) ने कहा कि आने वाले दिनों में होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का आप के साथ गठबंधन नहीं रहेगा। बता दें कि लोकसभा चुनावा संपन्न होने के साथ ही आप ने कांग्रेस के साथ सभी प्रकार के चुनावी गठबंधन तोड़ने की घोषणा कर दी थी।
इसी साल 2024 में आने वाले कुछ महीनों में तीन राज्यों हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड में अक्टूबर-नवबर के महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। जबकि दिल्ली विधानसभा चुनाव अगले वर्ष 2025 के जनवरी-फरवरी महीने में होने हैं। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि चुनाव आयोग दिल्ली विधानसभा के चुनाव भी बाकी तीन राज्यों के साथ करवा सकता है। गौरतलब है कि आप और कांग्रेस ने दिल्ली और हरियाणा में मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ा था। जबकि पंजाब में दोनों ही दलों ने अलग अलग चुनाव लड़ा था। दिल्ली में आप 4 और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ी थी। वहीं हरियाणा में आप 1 और कांग्रेस 9 सीटों पर चुनाव लडी थीं। लेकिन अब इन्हीं राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में दोनों दलों के नेता एक-दूसरे के सामने ताल ठोकेंगे।