-17 अगस्त को सूर्य देव कर रहे अपना राशि परिवर्तन
आचार्य रामगोपाल शुक्ल/ नई दिल्ली
ग्रहों के राजा सूर्य देव मंगलवार 17 अगस्त, 2021 को अपना राशि परिवर्तन कर रहे हैं। सूर्य मंगलवार को देर रात 01 बजकर 05 मिनट पर कर्क राशि से सिंह राशि में प्रवेश करेंगे। और वह इस राशि में 17 सितंबर 2021 शुक्रवार देर रात 01 बजकर 02 मिनट तक रहेंगे। इसके पश्चात वह कन्या राशि में चले जाएंगे। सूर्यदेव को ज्योतिष शास्त्र में विशेष स्थान प्राप्त है। सूर्य की कृपा से व्यक्ति को जीवन में सभी तरह के सुखों का अनुभव होता है। सूर्य के राशि परिवर्तन को संक्रांति भी कहा जाता है। सूर्य सिंह राशि में प्रवेश कर रहे हैं, इसलिए इसे सिंह संक्रांति कहा जाएगा। इस संक्रांति को घी संक्रांति के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन घी का सेवन करना चाहिए।
यह भी पढ़ेंः- बीजेपी शासित निगम का कारनामाः 35 करोड़ में बेच डाली डेढ़ सौ करोड़ की संपत्ति
ज्योतिष शास्त्र में सूर्य ग्रह को सिंह राशि का स्वामी माना जाता है। मेष राशि में यह उच्च भाव में होते हैं, तो तुला राशि में ये नीच के माने जाते हैं। उच्च भाव में ग्रह अधिक मजबूत और बलशाली होते हैं। जबकि नीच राशि में ये कमजोर माने जाते हैं। वैसे तो सूर्य के इस गोचर का सभी 12 राशियों पर असर होगा, लेकिन नीचे दी गई 6 राशि वाले जातकों के लिए सूर्य का यह गोचर लाभदायक सिद्ध होगा, वहीं 4 राशियों को जातकों को सूर्य के इस गोचर काल के दौरान संभलकर रहने की सलाह दी जाती है।
जानें अपनी राशि के बारे में-
मेषः सूर्य का गोचर आपके पंचम भाव में हो रहा है। पंचम भाव को ज्योतिष में प्रेम का भाव कहा जाता है। सूर्य का गोचर आपके लिए शुभ रहने वाला है। यह आपके पारिवारिक जीवन में शुभ फल प्रदान करेगा। आपको संतान की ओर से कोई शुभ समाचार मिल सकता है। दांपत्य जीवन में सुख का अनुभव करेंगे। परिवार के सदस्यों का सहयोग प्राप्त होगा। आपको धन-लाभ होने की प्रबल संभावना है।
मिथुनः सूर्य का गोचर आपके तृतीय भाव में हो रहा है। सूर्य गोचर के प्रभाव से आपको व्यवसाय में लाभ के योग बनेंगे। भाई-बहन से मदद मिल सकती है। साहस और पराक्रम में वृद्धि होगी। मान-सम्मान और पद-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। हर कार्य में सफलता प्राप्त करेंगे। जीवनसाथी के साथ समय व्यतीत करने का अवसर मिलेगा। धन-लाभ होगा।
सिंहः सूर्य सिंह राशि के स्वामी हैं। इस गोचर के प्रभाव से आपको आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। समाज में मान-सम्मान की प्राप्ति होगी। सेहत में बदलाव देखने को मिलेंगे। परिवार का सहयोग प्राप्त होगा। निवेश से लाभ प्राप्त हो सकता है। लेन-देन के लिए समय शुभ है।
तुलाः सूर्य का गोचर आपके 11वें भाव में होगा। कार्यक्षेत्र से जुड़े मामलों में सफलता मिलने के योग बनेंगे। सरकारी क्षेत्रों में काम कर रहे लोगों को लाभ मिलेगा। आर्थिक समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। यह समय आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस समय निवेश किया जा सकता है।
लेन-देन से लाभ होगा। नया वाहन या मकान खरीद सकते हैं।
वृश्चिकः सूर्य के राशि परिवर्तन से आपको शुभ परिणाम प्राप्त होंगे। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को शुभ समाचार मिल सकता है। प्रमोशन या आर्थिक लाभ के भी योग बनेंगे। किसी नए काम की शुरुआत के लिए सूर्य गोचर लाभकारी रहेगा। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए ये समय किसी वरदान से कम नहीं है। लेन- देन के लिए समय शुभ है।
धनुः धनु राशि वाले को सूर्य गोचर से अनुकूल परिणाम प्राप्त होंगे। गोचर काल में संतान की उन्नति हो सकती है। इस दौरान आपको मानसिक शांति भी मिलेगी। वैवाहिक जीवन सुखमय रहेगा। आर्थिक पक्ष मजबूत होगा। इस समय निवेश करने से लाभ होगा।
यह भी पढ़ेंः- दिल्ली से पंजाब तक हो सकती है गैंगवार…!
हालांकि कुछ राशियों के जातकों को गोचरकाल के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार प्रमुख रूप से चार राशियों के जातकों को अपने कार्यक्षेत्र सहित अन्य मामलों में कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। अतः कोई भी कार्य सोच-समझकर और सावधानी से करें।
वृषः पारिवारिक कलह के कारण मानसिक अशांति पैदा कर सकता है। मकान वाहन के क्रय का सपना पूरा हो सकता है। माता पिता के स्वास्थ्य के प्रति चिंतित रहेंगे। मित्रों अथवा संबंधियों से सहयोग की उम्मीद कम करें स्वयं के बल पर कार्य करें और आगे बढ़ें। अपनी योजनाएं गोपनीय रखते हुए कार्य करेंगे तो सफलता मिलेगी। यात्रा सावधानीपूर्वक करें, ट्रेन दुर्घटना से बचें।
कर्कः इस अवधि में कटु वाणी के द्वारा आप बनते हुए कार्य को भी बिगाड़ सकते हैं, इसलिए भाषा का प्रयोग बहुत समझ बूझ के साथ करें। वाहन खरीदना चाहे अथवा कोई भी महंगी वस्तु खरीदना चाहें तो अवसर अच्छा रहेगा। स्वास्थ्य विशेष करके दाहिनी आंख का ध्यान रखें। अग्नि, विष एवं दवाओं के रिएक्शन से बचें।
कन्याः कष्ट कारक यात्रा भी करनी पड़ सकती है तथा किसी संबंधी अथवा मित्र के द्वारा अशुभ समाचार भी मिल सकता है। ऐसे में कोई भी निर्णय बहुत सोच समझकर सावधानीपूर्वक लें। इस अवधि के मध्य अधिक कर्ज देने से बचें। कोर्ट कचहरी के मामलों में निर्णय आपके पक्ष में आने के संकेत हैं। विदेश यात्रा अथवा विदेशी कंपनियों में सर्विस हेतु आवेदन करना सफल रहेगा।
कुंभः दांपत्य जीवन में परेशानियां आएंगी। जीवनसाथी से वाद-विवाद होगा। ससुराल पक्ष से रिश्ते सहेज कर रखें। केंद्र अथवा राज्य सरकार के विभागों में रुके हुए आपके कार्यों का निपटारा होगा। अपने कुशल नेतृत्व के बल पर यश प्राप्त करेंगे फिर भी कोर्ट कचहरी के मामले बाहर ही सुलझाएं तो ज्यादा अच्छा रहेगा।
(यह आलेख भारतीय सनातन परंपरा एवं ज्योतिषीय सिद्धांतों पर आधारित है और जनरूचि को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके लिए कोई विशेष दावा नहीं है। अपने समाचार, लेख एवं विज्ञापन छपवाने हेतु संपर्क करेंः- ईमेलः newsa2z786@gmail.com मोबाइलः 7982558960)