खबर का असरः स्थायी समिति अध्यक्ष ने किया निगम बोध घाट का दौरा

-खबर का असरः दिल्ली में कोरोना के लिए चिन्हित किए गए और श्मशान
-पूर्वी दिल्ली में दो व दक्षिणी दिल्ली में एक और घाट पर होगा संस्कार

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
एटूजैड न्यूज की खबर का असर हुआ है। अब दिल्ली में कोरोना से होने वाली मौत के मामले में कुछ और घाट चिन्हित किये गए हैं। एक-दो दिन में इन घाटों पर भी कोरोना से मरने वाले लोगों के शवों का दाह-संस्कार होना शुरू हो जाएगा। उत्तरी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश ने सोमवार को निगम बोध घाट का दौरा करके हालातों का जायजा लिया। इस मौके पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः- North DMC: बीजेपी को ध्वस्त करने की तैयारी… अफसरों ने शुरू की नेतागिरी!

स्थायी समिति अध्यक्ष जय प्रकाश ने कहा कि निगम बोध घाट की स्थिति पहले के मुकाबले 100 गुना अच्छी है। उन्होंने माना कि निगम अधिकारियों से कुछ गलती हुई है। फिलहाल कोरोना की मुसीबत से लड़ रहे हैं, बाद में अव्यवस्थाओं के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद हमने पूर्वी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली निगमों के अधिकारियों से बात की है।

यह भी पढ़ेंः- NORTH DMC का स्वास्थ्य विभागः दागदार दामन लेकिन अफसरों ने दिया बड़ा ओहदा

पूर्वी दिल्ली अब तक केवल कड़कड़डूमा श्मशान घाट पर ही लकड़ी से कोरोना वाले शवों का दाह संस्कार किया जा रहा था। लेकिन अब पूर्वी दिल्ली में ही दो और श्मशान घाट चिन्हित किए गए हैं। इसके अलावा दक्षिणी दिल्ली लोदी रोड श्मशान घाट को भी इसके लिए तैयार किया जा रहा है। एक-दो दिन में इन श्मशान घाटों पर भी संस्कार होना शुरू हो जाएगा।

यह भी पढ़ेंः- सुरा के शौकीनों के लिए खुशखबरी… दिल्ली में 10 जून से हटेगा ’स्पेशल कोरोना टैक्स’

स्थायी समिति अध्यक्ष जय प्र्रकाश ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण निगम बोध घाट पर दाह संस्कार के लिए काफी दबाव बना हुआ है। जिसे देखते हुए पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम से अपने यहां दाह संस्कार करने के लिए व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। अधिकारियों को सीएनजी प्लैटफॉर्म की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि श्मशान घाट पर कार्यरत कर्मचारी कोरोना मृतकों के संपर्क में ना आ पाएं। जय प्रकाश ने कहा कि अधिकारियों को श्मशान घाट पर कार्यरत कर्मचारियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। निगम बोध घाट पर कार्यरत गैर सरकारी संगठन व वहां आए मृतकों के परिजनों ने वहां उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष जाहिर किया है। बता दें कि एटूजैड न्यूज ने निगम अधिकारियों की बड़ी लापरवाही और निगम बोध घाट से संबंधित खबर चलाई थी।

यह भी पढ़ेंः- बीजेपी नेता सोनाली फोगाट का चप्पल कांड

खबर में यह खुलासा किया गया था कि निगम के आला अधिकारियों की मनमानी और लापरवाही की वजह से निगम बोध घाट पर सीएनजी के 6 में से 3 भट्टियों का कभी रखरखाव ही नहीं किया गया। इसके अलावा अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने के लिए निगम के बड़े अधिकारियों ने निजी संगठन को निगम बोध घाट का करार खत्म करने का नोटिस जारी कर दिया था।