-मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम की दिशा में काम करने के लिए यह सही समय है, हमें जनता तक अपनी बात पहुंचानी हैः अश्वनी कुमार
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 26 जून।
दिल्ली नगर निगम के आयुक्त अश्वनी कुमार ने गुरूवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में स्थित दिल्ली नगर निगम के मुख्यालय में दिल्ली के सभी विभागों एवं हितधारकों के साथ मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए एक बैठक की। इस बैठक में अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद, दिल्ली पुलिस, पी डब्ल्यू डी, सी पी डब्ल्यू डी, डी डी ए, रेलवे, पुरातत्व विभाग, कारागार विभाग, अग्निशमन विभाग के अधिकारियों सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
निगमायुक्त अश्वनी कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मच्छरजनित बीमारियों का प्रसार आने वाले दो महीने जुलाई एवं अगस्त में अधिक होता है। हमें सभी स्तर पर मच्छरों के प्रजनन की रोकथाम के प्रयास आज से ही आरम्भ करने होंगे। उन्होंने कहा कि अगर आने वाले दो महीने हमने सतर्कता से कार्य किया तो स्थिति नियंत्रण में रहेगी निगमायुक्त ने कहा कि साफ सफाई का विशेष तौर पर ध्यान रखना होगा,जनता को मच्छरों के प्रजनन को रोकने के उपायों के बारे में जागरूक करना, दफ्तरों से कबाड़ हटाना एवं एक दूसरे विभाग की मदद करने जैसे कार्य करने होंगे। श्री अश्वनी कुमार ने कहा कि हम साझा प्रयास के माध्यम से ही मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम कर सकते हैं।
दिल्ली नगर निगम के आयुक्त अश्वनी कुमार ने कहा कि अगर हमने आने वाले 2 महीनों में मेहनत की तो हम मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार,दिल्ली नगर निगम एवं नई दिल्ली नगर पालिका परिषद अपने विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के माध्यम से पी.टी.एम. का आयोजन कर अभिभावकों को जागरूक कर सकते हैं। छात्रों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने एवं डेंगू गृहकार्य के माध्यम से अपने घर एवं आस पास मच्छरों का प्रजनन रोकने के लिए कहें। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को कबाड़ा हटाने की दिशा में मुहिम चलने की आवश्यकता है। उन्होंने सभा में उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों को कहा कि अपने स्तर पर बैठकों का आयोजन कर अपने सहकर्मियों एवं कनिष्ठ कर्मचारियों को जागरूक करें। निगमायुक्त ने कहा कि डीबीसी कर्मचारियों के माध्यम से डोर टू डोर जागरूकता मुहिम चलाई जाए तथा मीडिया में भी एक जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि हमे हर नागरिक तक अपनी बात पहुंचानी है।
दिल्ली नगर निगम के जनस्वास्थ्य विभाग ने मच्छरों के प्रजनन के अनुकूल कारकों,बीमारियों के प्रसार संबंधी जानकारी,मच्छरों के प्रजनन के हॉट स्पॉट्स संबंधी एक प्रस्तुति दी। आयुक्त महोदय ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड को पानी के रिसाव की जांच के लिए विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई प्रस्तुति में सभी विभागों से अनुरोध किया गया कि दिल्ली पुलिस अपने मालखानों,दिल्ली जलबोर्ड पंपिंग स्टेशनों,उद्यान विभाग पार्कों,डेम्स विभाग नालियों,सिंचाई एवं पी डब्ल्यू डी विभाग अपने अंतर्गत आने वाले नालों की सफाई का विशेष ध्यान रखे। निगमायुक्त ने कहा कि डेंगू,मलेरिया और चिकुनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों से बचने के लिए मच्छरों के प्रजनन की रोकथाम कारण सबसे प्रभावी तरीका है।