DELHI-NCR में 16 मई तक तेज हवा और बारिश के आसार

-जानिये दिल्ली-एनसीआर के मौसम पर अपडेट, अगले कुछ दिनों तक कैसी रहेगी एनसीआर की आवोहवा

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 14 मई।
देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार से शुक्रवार तक मौसम की आंखमिचौली जारी रहेगी। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले 24 घंटों तक दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे और जोरदार गरज व चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी। हवा की गति 15 से 25 किलो मीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। बीच-बीच में हवा की रफ्तार 35 किलो मीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। शाम और रात को तेज गर्जना के साथ बारिश की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 15 एवं 16 मई को दिल्ली-एनसीआर के अलग अलग इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। एक-दो बार 50 किलो मीटर की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री से 27 डिग्री के बीच रह सकता है। 17 एवं 18 मई के अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रिकार्ड किया जा सकता है।
मौसम विभाग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक 19 और 20 मई को अधिकतम तापमान में और गिरावट आयेगी और यह 37 से 39 डिग्री के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान भी गिरावट के साथ 23 डिग्री से 25 डिग्री के बीच रह सकता है।