-निगम को पुरस्कार में मिला एक लाख रूपये का इनाम
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने देशभर के नगर निगमों को पछाड़कर स्ट्रीट लाइटिंग में पहला स्थान प्राप्त किया है। उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम को भारत की सभी स्थानीय निकायों में सबसे उत्कृष्ट स्ट्रीट लाइटिंग व्यवस्था के लिए हुडको पुरस्कार मिला है। “पर्यावरण प्रबंधन, ऊर्जा संरक्षण और ग्रीन बिल्डिंग“ श्रेणी में स्वचालित आधारित एलईडी लाइट्स व्यवस्था को लागू करने के लिए यह पुरस्कार मिला है। प्रेस वार्ता के दौरान उपमहापौर ऋतु गोयल, स्थायी समिति के अध्यक्ष छैल बिहारी गोस्वामी एवं निगम अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- राज निवास के पास हावी बिल्डर माफिया
महापौर जय प्रकाश ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने यह पुरस्कार जीत कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने बताया कि निगम ने हुडको पुरस्कार में पहली बार भाग लिया था और सभी पैमानों पर खरा उतने पर निगम को यह पुरस्कार और एक लाख रू की इनामी राशि मिली हैं।
यह भी पढ़ें- नॉर्थ डीएमसीः सेलरी को तरस रहे कोरोना वॉरियर्स
जय प्रकाश ने बताया कि निगम ने स्वचालित आधारित एलईडी लाइट्स व्यवस्था को लागू कर करीब 2 लाख पारंपरिक स्ट्रीटलाइटों को एलईडी लाइट्स में बदलने का कार्य किया है। जिससे लगभग 65 प्रतिशत तक बिजली की खपत में बचत हो रही है। इसके परिणामस्वरूप कार्बन डाईऑक्साइड के उत्सर्जन में लगभग 20 हजार टन की कमी हुई और प्रतिवर्ष लगभग 90 मिलियन यूनिट बिजली की बचत करने से पर्यावरण को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।
यह भी पढ़ें- DELHI BJP: उम्रदराज मंडल अध्यक्षों को बदलने की तैयारी!
उन्होंने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम को इस योजना को लागू करने से लगभग 50 करोड़ रू प्रति वर्ष और कुल लगभग 450 करोड़ रू की बचत हुई है। सात वर्षो के उपरान्त सभी स्ट्रीट लाईट निगम की सम्पति हो जायेंगी। खास बात यह है कि इस योजना पर निगम ने एक भी पैसा खर्च नहीं किया है। महापौर ने कहा कि सरकार जब भी कोई योजना लाती है तो वो नागरिकों की भलाई के लिए लाती है। हम बाकि क्षेत्रों में भी उत्तरी दिल्ली नगर निगम की रैंकिंग में सुधार लाने के प्रयास कर रहे हैं।