प्रदेश प्रभारी ने बिगाड़ा उत्तराखंड में AAP का खेल

-प्रदेश अध्यक्ष और सीएम पद के उम्मीदवार ने बताई पार्टी छोड़ने की वजह

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली, 22 मई, 2022
आम आदमी पार्टी दिल्ली के बाद पंजाब में सरकार बनाने में भले ही कामयाब रही हो, लेकिन कई राज्यों में पार्टी को बड़े झटके लगने शुरू हो गये हैं। इसकी शुरूआत उत्तराखंड से हुई है। खास बात यह है कि आप के उत्तराखंड के सीएम का चुनावी चेहरा रहे कर्नल गोठियाल ने पार्टी छोड़ दी है, वहीं आप के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रहे भूपेश उपाध्याय ने भी कई नेताओं के साथ आम आदमी पार्टी को बॉय-बॉय कह दिया है। इसका कारण आम आदमी पार्टी की ओर से बनाये गये प्रभारी और सह प्रभारी को बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ेंः CM केजरीवाल के पुराने ‘दुश्मन’ को ‘स्पेशल ऑफिसर’ का ताज… भारती को नगर निगम की कमान

पार्टी छोड़ते समय आप के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय ने तो आप के उत्तराखंड प्रभारी दिनेश मोहनिया पर खुलकर आरोप लगाये हैं। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड के नेताओं की नाराजगी प्रदेश के सह प्रभारी को लेकर भी है। उपाध्याय ने तो अपने त्याग पत्र में ही लिख दिया कि राज्य के प्रभारी लोग उत्तराखंड के साथ ईस्ट इंडिया कंपनी के लोगों जैसा बर्ताव कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी की नीतियां उत्तराखंड के हित में नहीं हैं। कर्नल गोठियाल और उपाध्याय दोनों नेताओं ने यह आरोप भी लगाया है कि पार्टी में शामिल करते समय आम आदमी पार्टी की जो नीतियां बताई गई थीं, वास्तविकता में वो हैं ही नहीं।

यह भी पढ़ेंः शक्ति विहीन है स्पेशल ऑफिसर का पद… जाया है अश्विनी कुमार की नियुक्ति!

उत्तराखंड के नेताओं ने प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी के ऊपर गंभीर आरोप लगाये हैं। बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव बुरी तरह से हारने के बावजूद पार्टी प्रभारियों ने उत्तराखंड के नेताओं के ऊपर सुविधाएं प्राप्त करने के लिए तरह तरह के दबाव बनाने शुरू कर दिये, जिसकी वजह से स्थानीय नेताओं के बीच असंतोष तेजी से बढ़ रहा है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में इसी तरह का माहौल उत्तर प्रदेश और गोवा में भी देखने को मिल सकता है।