ED की कार्रवाई के साइड इफेक्टः आतिशी बन सकती हैं दिल्ली की अगली CM

-आम आदमी पार्टी में चर्चाओं का दौर शुरू, कुछ लोग चला रहे सुनीता केजरीवाल का नाम
-अरविंद केजरीवाल के लिए जेल के अंदर से सरकार चलाना संभव नहींः कानून विशेषज्ञ

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 22 मार्च।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के अगले मुख्यमत्री की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) में दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री पद की सबसे मजबूत दावेदार के रूप में आतिशी (Aatishi) का नाम सामने आ रहा है। हालांकि पार्टी में कुछ लोग केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल (Sunita Kejriwal) के नाम की चर्चा कर रहे हैं।
बता दें कि गुरूवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के पश्चात आम आदमी पार्टी की ओर से बयान आया था कि वह जेल के अंदर से ही सरकार चलाएंगे। परंतु संवैधानिक स्थिति पर चर्चा के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि केजरीवाल के लिए जेल के अंदर से सरकार चलाना संभव नहीं है। कानून विशेषज्ञों का कहना है कि यह अधिकार क्षेत्र उपराज्यपाल के पास है कि वह दिल्ली के मुख्यमंत्री को जेल के अंदर से सरकार चलाने की अनुमति देते हैं अथवा नहीं। इसके बाद पार्टी में अगले मुख्यमंत्री की तलाश शुरू हो गई है।
मुख्यमंत्री पद की सबसे प्रबल दावेदार आतिशी हैं। उनके पास फिलहाल शिक्षा, वित्त, पीडब्लूडी और राजस्व सहित सबसे ज्यादा 14 विभाग हैं। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने उन्हें पिछले साल ही अपने मंत्रिमंडल में पहली महिला मंत्री के रूप में शामिल किया था। इससे पहले आतिश पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की सलाहकार रह चुकी हैं और दिल्ली में शिक्षा व्यवस्था के मामले में कई प्रयोग करती रही हैं। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के बाद आम आदमी पार्टी में आतिशी तीसरी सबसे ज्यादा पॉवरपफुल नेता हैं। कारण है कि वह दोनों ही शीर्ष नेताओं की सबसे ज्यादा विश्वसनीय रहीं हैं।
हालांकि पार्टी में कुछ लोग अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल के नाम की चर्चा भी मुख्यमंत्री पद के लिए कर रहे हैं। परंतु दिल्ली के मामले में कानूनी दांव-पेंच बहुत ज्यादा हैं और सुनीता केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाने में कई संवैधानिक पेंच फंस सकते हैं। यदि आतिशी मुख्यमंत्री बनती हैं तो आम आदमी पार्टी के एक और विधायक की लॉटरी लग सकती है। क्योंकि दिल्ली में मुख्यमंत्री सहित कुल 7 मंत्री बनाये जा सकते हैं और यदि अरविंद केजरीवाल इस्तीफा देते हैं तो आतिशी के मुख्यमंत्री बनने पर एक और विधायक को मंत्री बनाया जायेगा।