BJP की नई टीम में दिल्ली से श्याम जाजू, अनिल जैन की छुट्टी, बंगाल से बगावत!

-दिल्ली से कोई उपाध्यक्ष नहीं, दो के बजाय एक ही मंत्री बनाया
-जेपी नड्डा की नई टीम में राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की भरमार
-अनिल जैन, सरोज पांडे, राम माधव, पी मुरलीधर राव की छुट्टी

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी ने अपने नये राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम की घोषणा कर दी है। इसमें सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश से 11 लोगों को स्थान मिला है। खास बात है कि बीजेपी की 70 लोगों की नई टीम में 37 नये चेहरों को स्थान दिया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की नई टीम में सबसे तगड़ा झटका दिल्ली को मिला है। नई टीम की घोषणा होते ही बीजेपी में बंगाल से बगावत की खबर आई है।

यह भी पढ़ें- शुक्र और शनि की बदली चाल… जानें, क्या है आपकी राशि का हाल !

दिल्ली से उपाध्यक्ष पद से श्याम जाजू और महामंत्री पद से अनिल जैन की छुट्टी कर दी गई है। राष्ट्रीय सचिव के पद से सरदार आरपी सिंह और महेश गिरी को भी हटा दिया गया है। हालांकि आरपी सिंह प्रवक्ता का पद हथियाने में कामयाब रहे हैं। नई टीम में जाने माने चेहरों में दिल्ली से केवल महामंत्री पद पर दुष्यंत कुमार गौतम को जगह मिली है।

यह भी पढ़ें- बीजेपी के लिए चुनौती बना सहयोगी दलों को साथ!

राष्ट्रीय मंत्री बतौर दिल्ली के कोटे से अरविंद मेनन को स्थान मिला है। हालांकि दिल्ली में अरविंद मेनन को बीजेपी कार्यकर्ता के रूप में कोई नहीं जानता। बता दे कि अरविंद मेनन संघ के प्रचारक रहे हैं और हाल ही में हुए मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव तक मध्य प्रदेश में संगठन मंत्री की भूमिका में थे, लेकिन शिवराज सिंह की नापसंदी की वजह से चुनाव के दौरान ही उन्हें वहां से हटा लिया गया था।

यह भी पढ़ें- अनुबंध के कर्मचारियों को परमानेंट करेगी केजरीवाल सरकार

बीजेपी की नई टीम में उत्तर प्रदेश से 11 पदाधिकारी बनाए गए हैं। यूपी से पदाधिकारियों के चयन में हर वर्ग को शामिल करने की कोशिश राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने की है। पुरानी टीम में शामिल रहे सात पदाधिकारियों को फिर से मौका मिला है। महिला नेत्री सांसद रेखा वर्मा पहली बार पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाई गई हैं।
अरुण सिंह का बढ़ा कद, फिर बनाए राष्ट्रीय महामंत्री
राज्यसभा सांसद अरूण सिंह को फिर से राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वह पार्टी के केंद्रीय कार्यालय का प्रभार भी देख रहे हैं। उन्हें दोबारा महामंत्री बनाए जाने से माना जा रहा है कि फिलहाल पार्टी में अरूण सिंह का कद बढ़ा है। सियासी जानकारों का कहना है कि श्याम जाजू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से हटने के बाद अब अरूण सिंह को दिल्ली बीजेपी का प्रभारी बनाया जा सकता है। वैसे भी उन्हें दिल्ली बीजेपी की नई टीम के गठन के लिए अधिकृत किया गया था।
राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री रहे शिवप्रकाश भी अपने पुराने पद पर बने हुए हैं। राष्ट्रीय मंत्री बनाए गए सांसद विनोद सोनकर पूर्व की टीम में अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष थे। सांसद हरीश द्विवेदी को पहली बार राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। अमित मालवीय राष्ट्रीय आईटी व सोशल मीडिया सेल के अपने पूर्व के पद पर फिर से काबिज हैं।
कोष की जिम्मेदारी संभालेंगे राजेश अग्रवाल
विधायक राजेश अग्रवाल को राष्ट्रीय टीम में कोषाध्यक्ष पद की बड़ी जिम्मेदारी मिली है। इससे पहले वह प्रदेश सरकार में वित्त मंत्री और प्रदेश भाजपा में कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। सासंद राजकुमार चाहर को किसान मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है, उन्हें यह पद पहली बार मिला है। यूपी से राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे सांसद डा. सुधांशु त्रिवेदी सांसद, गौरव भाटिया तथा सांसद सैय्यद जफर इस्लाम को फिर से इसी भूमिका में रखा गया है।
बढ़ाई महिलाओं की संख्या
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नई टीम में युवा चेहरों पर दांव खेला है। चुनावी राज्यों के नेताओं को पार्टी ने संगठन में रखने पर खास फोकस किया है। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम में भी महिलाओं की संख्या आठ से बढ़ाकर 13 कर दी गयी है। जिनमें से पांच उपाध्यक्ष और तीन राष्ट्रीय सचिव नियुक्त की गयी है।
दर्जन भर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर पहले की तरह ही 12 नेताओं को रखा है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में जिन नए चेहरों को मौका मिला है, उसमें पश्चिम बंगाल के नेता मुकुल रॉय, यूपी की धौरहरा से सांसद रेखा वर्मा, झारखंड की सांसद अन्नपूर्णा देवी, गुजरात से सांसद डॉ. भारती बेन शियाल, तेलंगाना के डी.के. अरुणा, नगालैंड के एम.चौबा एओ, केरल के अब्दुल्ला कुट्टी शुमार हैं। पार्टी ने पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री और बिहार के लोकसभा सांसद राधामोहन सिंह, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है।
पांच नये राष्ट्रीय महासचिव
महामंत्री पद से अनिल जैन, राम माधव, पी मुरलीधर राव और सरोज पांडे की छुट्टी हो गई है। नई टीम में पांच राष्ट्रीय महासचिवों के नाम चौंकाने वाले हैं। जैसे कर्नाटक के विधायक सीटी रवि, आंध्र प्रदेश की डी. पुरुंदेश्वरी, असम के सांसद दिलीप सैकिया और दिल्ली से राज्यसभा सांसद दुष्यंत कुमार गौतम को पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिव बनाकर सबको चौंका दिया है। राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी देख रहे तरुण चुग को प्रमोशन देकर राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। जेपी नड्डा ने अमित शाह की टीम के भूपेंद्र यादव, अरुण सिंह और कैलाश विजयवर्गीय को महासचिव पद पर बरकरार रखा है।
राष्ट्रीय मंत्रियों में फेरबदल
कुल 13 नेताओं को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। जिसमें सुनील देवधर व सत्या कुमार को छोड़कर सभी नए चेहरे हैं। महाराष्ट्र के विनोद तावड़े, यूपी से विनोद सोनकर, ओडिशा से विश्वेश्वर टूडू, दिल्ली से अरविंद मेनन, यूपी से लोकसभा सांसद हरीश द्विवेदी, महराष्ट्र से पंकजा मुंडे, मध्यप्रदेश से ओम प्रकाश ध्रुवे, पश्चिम बंगाल से अनुपम हाजरा, महाराष्ट्र से विजया राहटकर और राजस्थान से डॉ. अल्का गुर्जर जैसे नए चेहरों को राष्ट्रीय सचिव बनने का मौका मिला है। इसमें विनोद सोनकर और विजया राहटकर ही दो ऐसे नेता हैं, जिन्हें पिछली टीम में भी क्रमशः अनुसूचित जाति मोर्चा और महिला मोर्चा के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी थी। हालांकि राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दोनों नेताओं के लिए भी नई है।
तेजस्वी सूर्या को युवा मोर्चा की जिम्मेदारी
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सभी मोर्चा पर नए चेहरों की नियुक्ति की है। भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष पद पर पूनम महाजन की जगह कर्नाटक के लोकसभा सांसद तेजस्वी सूर्या को मौका दिया गया है। इसी तरह ओबीसी, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति और जनजाति मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष पद पर भी नए चेहरों की नियुक्ति की गई है।
प्रवक्ताओं की लंबी फेहरिश्त
देशभर में लोगों तक अपनी बात पहुंचाने पर बल देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा की नयी टीम में प्रवक्ताओं की संख्या दोगुनी कर दी है। उसमें समाज के सभी वर्गों, धर्मों और क्षेत्रों के नेताओं को जगह देने की कोशिश की गयी है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कुल 23 प्रवक्ता बनाए हैं। पिछली टीम की तुलना में यह संख्या दोगुना से ज्यादा है। राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी मीडिया हेड बने रहेंगे। अनिल बलूनी को मुख्य प्रवक्ता की भी जिम्मेदारी मिली है। मीडिया टीम में संजय मयूख भी सह प्रभारी बने रहेंगे। कर्नाटक के राज्यसभा सांसद राजीव चंद्रशेखर, मुंबई की संजू वर्मा, पंजाब के इकबाल सिंह लालपुरा, ओडिशा से सांसद अपराजिता सारंगी, महाराष्ट्र से सांसद हिना गावित, नगालैंड के विधायक मम्होनलुमोम किकोन, पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग से सांसद राजू बिष्ट ऐसे नए चेहरे हैं, जिन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है।
बीजेपी में बंगाल से बगावत
नई टीम की घोषणा होते ही बीजेपी में सबसे पहले बंगाल से बगावत की खबर आई है। पश्चिम बंगाल से राष्ट्रीय सिंचव रहे राहुल सिंन्हा ने तृणमूल कांग्रेस से आए मुकुल रॉय और अनुपम हाजरा को नई टीम में जगह दिये जाने और खुद को राष्ट्रीय सचिव पद से हटाए जाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि ‘‘मैंने अपने जीवन के 40 साल बीजेपी की सेवा में लगाए हैं। जो इनाम मुझे मिला वो यह कि एक टीएमसी नेता को लाया जा रहा है…इसलिए मुझे पद छोड़ना होगा… मेरी पार्टी ने मुझे इनाम दिया है और मुझे कुछ नहीं कहना है। जो कुछ भी मुझे कहना है वो अगले 10-12 दिनों में कहूंगा।’’