उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड… दिल्ली-एनसीआर में छाएगी कोहरे की चादर

-अगले कई दिनों तक जारी रहेगी शीत लहर

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
उत्तर भारत के कई हिस्से कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं और यहां अगले कुछ दिनों तक भीषण सर्दी जारी रहने के आसार हैं। दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिन कोहरे की चादर छाने की आशंका है। खास बात है कि राजधानी दिल्ली में बुधवार की रात को पारा गिरकर 3.5 डिग्री तक पहुंच गया। यह सामान्य से 3 डिग्री नीचे रहा। आने वाले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में नाइट कर्फ्यू, नहीं मना सकेंगे न्यू ईयर का जश्न

पहाड़ी राज्यों में हिमाचल प्रदेश का केलांग बुधवार को सबसे ज्यादा ठंडा रहा, जहां पारा शून्य से 12.7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग सबसे सर्द रहा, जहां पारा शून्य से 11 डिग्री नीचे पहुंच गया। राजस्थान के एकमात्र पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में तापमान शून्य से चार डिग्री नीचे रहा। वहीं उत्तर प्रदेश के रायरबेली का फुर्सतगंज रात्रि तापमान 3.6 डिग्री के साथ सबसे ठंडा इलाका रहा।

यह भी पढ़ें- ईडी ने पढ़ा गायत्री मंत्र… मिले 11 लाख के पुराने नोट

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले 24 घंटों में दिल्ली और पंजाब सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में कोहरे की मोटी चादर छाने की संभावना है। समूची कश्मीर घाटी में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को हुई बर्फबारी से पहले छाए बादलों की वजह से लगातार दो रात से रात्रि तापमान जमाव बिन्दु के करीब था, लेकिन उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में यह शून्य से 11 डिग्री नीचे पहुंच गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नौ डिग्री नीचे दर्ज किया गया, यहां पिछले 24 घंटे में तापमान में छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें- पार्षदों के बीच जमकर चले जूते-चप्पल, सदन में दर्शक दीर्घा से फेंके हैंडबिल

हिमाचल प्रदेश में लाहौल स्पीति के मुख्यालय केलांग में न्यूनतम पारा शून्य से 12.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। राजस्थान के बीकानेर, जयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ स्थान शीतलहर की चपेट में रहे। कई स्थानों पर पाला पड़ने से जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार राजस्थान के 12 प्रमुख शहरों में रात्रि तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सबसे सर्द माउंट आबू रहा, जहां पारा शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। चुरू में यह शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और पिलानी में 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पश्चिमी यूपी में शुक्र-शनि को बारिश
उत्तर प्रदेश में नए साल की शुरुआत बारिश और ठिठुरन के बीच होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 1 व 2 जनवरी को पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश होगी या गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी। पूरे प्रदेश में कहीं घना तो कहीं बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। बीते 24 घंटों की बात करें, तो प्रदेश में 3.6 डिग्री सेल्सियस के साथ रायरबेली का फुर्सतगंज सबसे ठंडा रहा। जबकि बांदा में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 23.6 डिग्री दर्ज किया गया। मुजफ्फरनगर, आगरा व अलीगढ़ में भी रात्रि तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हुआ। इस अवधि में गोरखपुर, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, झांसी, आगरा मण्डलों में रात्रि तापमान सामान्य से कम रहा।
जम्मू हवाई अड्डे पर नौ उड़ानें रद्द
क्षेत्र में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने की वजह से बुधवार को जम्मू हवाई अड्डे पर नौ उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। हवाई अड्डे के निदेशक प्रवात रंजन बेउरिया ने कहा कि यह लगातार दूसरा दिन है जब कम दृश्ययता की वजह से उड़ान परिचालन प्रभावित हुआ है। मंगलवार को 17 उड़ानें रद्द की गई थीं और केवल एक ही विमान लैंड कर पाया था। बुधवार दोपहर एक बजे दृश्यता केवल 600 मीटर थी।
हिमाचल में सैलानियों की बहार, होटल फुल
जबर्दस्त ठंड के आगोश में समाए हिमाचल प्रदेश में नव वर्ष मनाने के लिए पर्यटकों का पहुंचना लगातार जारी है। 29 दिसंबर की रात राज्य में इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। छह जिलों में पारा शून्य से नीचे दर्ज किया गया। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में तीन जनवरी तक मौसम शुष्क बना रहने और उसके बाद चार जनवरी को फिर से पूरे प्रदेशभर में भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। राज्य के पर्यटन स्थलों की ओर नया साल मनाने वालों का आना जारी है। यहां के सभी होटल लगभग फुल हैं।
2 जनवरी से होगा उत्तराखंड में स्नोफॉल
राज्य में अगले दो दिन मौसम साफ रहने के बाद दो जनवरी से हल्की बारिश और स्नोफॉल होने के आसार हैं। दो जनवरी के बाद राज्य के कई हिस्सों में बारिश बढ़ने के भी आसार हैं। बुधवार को हरिद्वार व उधम सिंह नगर जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। देहरादून मौसम केन्द्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, तीन, चार, पांच जनवरी को आसमान में बादलों की मौजूदगी के साथ कहीं-कहीं बारिश और हिमपात की संभावनाएं बन रही हैं।