13 हजार करोड़ की मांग पर दिल्ली भाजपा का सत्याग्रह

-दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष व तीनों महापौरों ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ किया 1 दिनी सत्याग्रह
-13 दिन का धरना-3 दिन की भूख हड़ताल खत्म होने के बाद दिल्ली बीजेपी का नया पेंतरा

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
तेरह दिन का धरना और तीन दिन की भूख हड़ताल के फ्लॉप होने के बाद दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को तीनों नगर निगमों के 13 हजार करोड़ के बकाये की पुरानी मांग को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ एक दिन का सत्याग्रह किया। इसमें प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश, दक्षिणी दिल्ली की महापौर अनामिका मिथलेश व पूर्वी दिल्ली के महापौर निर्मल जैन सहित तीनों नगर निगमों के बीजेपी पार्षदों व बीजेपी पदाधिकारियों ने हिस्सेदारी की। पार्टी का दावा है कि इस सत्याग्रह में बीजेपी के 181 निगम पार्षदों ने हिस्सा लिया। हालांकि संख्या के साथ दिल्ली बीजेपी ने निगम पार्षदों की लिस्ट जारी नहीं की है।

यह भी पढ़ें- जानें, अगले 60 दिन कौन सी राशि के जातकों के लिए मंगलकारी रहेगा मंगल का गोचर!

मंगलवार को दिल्ली बीजेपी के सत्याग्रह की खास बात यह रही कि इसमें दिल्ली विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी तो शामिल हुए लेकिन एक भी अन्य विधायक शामिल नहीं हुआ। यहां तक कि इसमें कोई सांसद भी शामिल नहीं हुआ। हालांकि कार्यक्रम में दिल्ली बीजेपी के सभी प्रदेश पदाधिकारियों के साथ सभी 14 जिलों के पदाधिकारी और मंडल पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

यह भी पढ़ें- ‘धरना पॉलिटिक्स‘ फेल… बैकफुट पर दिल्ली बीजेपी… रणनीतिकारों पर उठे सवाल!

उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने कहा कि तीनों निगमों का बकाया 13000 करोड रुपए दिल्ली सरकार जानबूझकर नहीं देना चाहती है। ताकि वे निगम को आर्थिक रूप से पंगु बना सकें और निगम नागरिकों से जुड़े विकास कार्य न कर पाये। साथ ही निगम अपने कर्मचारियों को समय पर वेतन भी नहीं दे सके। उन्होंने कहा कि ये हमारा संवैधानिक अधिकार है और हम इसे लेकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक दिल्ली सरकार निगम का बकाया फंड जारी नहीं करती है तब तक हम इस लड़ाई को जारी रखेंगे। जय प्रकाश ने कहा कि आम आदमी पार्टी निगमों का बकाया फंड ना दे कर सिर्फ और सिर्फ राजनीति कर रही है ताकि वो इसका फायदा आगामी निगम चुनावों में ले सके।