RG7

मकर राशि में होगा शनि का गोचर… आप भी जानें क्या होगा वक्री चाल का असर

-12 जुलाई को शाम 6 बजकर 5 मिनट पर शनि करेंगे मकर राशि में प्रवेश
-कर्क राशि में सूर्य और बुध के गोचर से बनेगा बुधादित्य योग

आचार्य रामगोपाल शुक्ल/ नई दिल्लीः 10 जुलाई, 2022
न्याय के प्रणेता शनिदेव अपनी व्रक गति से चलते हुए 12 जुलाई 2022 को शाम 06 बजकर 05 मिनट पर कुंभ राशि से निकल कर मकर राशि में प्रवेश करेंगे। बता दें कि कुंभ की तरह शनि मकर राशि के भी स्वामी हैं। वर्तमान में शनि उल्टी चाल यानी कि वक्री गति से चल रहे हैं। इस स्थिति में वे 22 अक्टूबर तक रहेंगे। मकर राशि में शनिदेव 23 जनवरी 2023 तक रहेंगे। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार शनि वक्री अवस्था में मार्गी से अधिक शुभ फल देते हैं। शनि के इस प्रभाव से कोर्ट-कचहरी के मामले निपटेंगे। मौसम में तेजी से उतार-चढ़ाव होगा। उद्योग और व्यापार की मंदी दूर होगी।
दूसरी ओर बुध देव 16 जुलाई को मिथुन राशि की अपनी यात्रा पूर्ण करते हुए कर्क राशि में प्रवेश करेंगे। सूर्य देव के कर्क राशि में गोचर से 17 जुलाई को बुधादित्य योग बनेगा। इसके चलते छात्रों को सफलता के साथ रोजगार के अवसर मिलेंगे। 13 जुलाई को शुक्र वृषभ राशि से निकल कर मिथुन राशि में गोचर करेंगे। ग्रहों के इस योग से बारिश और वायु की गति में तेजी आएगी।
कर्क व वश्चिक वालों को छूट, तुला व मिथुन वालों पर ढैय्या
शनिदेव वक्री चाल से 12 जुलाई को धनिष्ठा ऩक्षत्र के दूसरे चरण में मकर राशि में प्रवेश करेंगे। शनि देव के इस गोचर के दौरान मेष, कर्क, तुला और मकर के जातकों के लिए पंच महापुरूष योग बनेगा। इसके साथ कर्क और वृश्चिक राशि के जातकों को शनि की ढैय्या से मुक्ति मिल जायेगी। दूसरी ओर मिथुन और तुला राशि वाले ढैय्या के प्रभाव में आ जाएंगे। इस दौरान धनु, मकर और कुंभ राशि के जातकों पर शनि की साढ़े साती का प्रभाव रहेगा।
शनि के इस गोचर से विभिन्न राशियों पर क्या होगा असर?
मेषः आप की पारिवारिक समस्या का समाधान होगा। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। पुराने रुके हुए काम पूरे होंगे। आपके ऊपर काम का बोझ बढ़ेगा, लेकिन लोग आपकी प्रशंसा करेंगे।
वृषभः आप मांगलिक कार्य में शामिल होंगे। अच्छे लोगों से संपर्क स्थापित होंगे। बदले की भावना से कोई भी काम न करें। वाणी पर संयम रखें।
मिथुनः आप का पारिवारिक जीवन उतार-चढ़ाव से भरा रहेगा। कार्यक्षेत्र में आपके कार्य की सराहना होगी। परिवारीजनों को आशा के अनुसार सख की प्राप्ति होगी।
कर्कः आप को अपनों की बातें चुभ सकती हैं। व्यक्तिगत समस्याओं की वजह से आपका काम प्रभावित हो सकता है। आर्थिक स्थिति में सुधार के योग बनेंगे।
सिंहः आप के साथ पैसों को लेकर विवाद गहरा सकता है। आपके मन में बिना बात के ही चिंता रहेगी। स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो सकती है। सोच-समझ कर निर्णय लें।
कन्याः आप शनि देव के इस गोचर काल के दौरान एक साथ दो काम न करें। अपने मनोबल को ऊंचा बनाये रखें। शारीरिक समस्या बढ़ सकती है।
तुलाः आप का अपनों के साथ मेल-जोल बढ़ सकता है। स्वास्थ्य को लेकर सजग रहना चाहिए। आपके अंदर क्रोध और तनाव की अधिकता रहेगी। वाणी पर नियंत्रण रखें।
वृश्चिकः आप का अपने कार्यक्षेत्र में प्रभाव बना रहेगा। आपको अच्छा धन लाभ होगा। नौकरी में सफलता प्राप्त होगी। परिवार में चली आ रही कलह की स्थिति खत्म होगी।
धनुः आप लोगों के सामने अपनी बात को प्रमुखता से रख पाएंगे। व्यर्थ के कामों से दूर रहें। पराक्रम में वृद्धि के योग बन रहे हैं। धन संचय कर सकते हैं।
मकरः आप के मन में नया जोश और उत्साह देखने को मिलेगा। परिवार के लोगों के साथ अच्छा समय व्यतीत होगा। सभी काम बनते नजर आयेंगे। शुभ योग बन रहे हैं।
कुंभः आप का अपनों से किसी बात को लेकर विवाद बढ़ सकता हैं। तनाव की अधिकता रह सकती है। स्वास्थ्य को लेकर सजग रहें। वाणी पर संयम रखें।
मीनः आप को कामकाज में अच्छा मुनाफा होगा। नौकरी करने वाले जातकों के लिए पदोन्नति के योग बन रहे है। कोर्ट-कचहरी के मामले में राहत मिलेगी।
(यह आलेख भारतीय सनातन परंपरा एवं ज्योतिषीय सिद्धांतों पर आधारित है और जनरूचि को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके लिए कोई विशेष दावा नहीं है। अपने समाचार, लेख एवं विज्ञापन छपवाने हेतु संपर्क करेंः- ईमेलः newsa2z786@gmail.com मोबाइलः 9810103181)