सफाई कर्मियों का वेतन जारी… काम पर लौटेंगे कर्मचारी?

-उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने जारी किया सफाई कर्मचारियों का दो माह का वेतन
-जल्दी ही जारी कर दिया जायेगा शिक्षकों का वेतनः महापौर
-28 दिसंबर से पहले आ जायेगा स्वास्थ्य व अन्य विभागों का वेतनः महापौर

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने अपने सफाई कर्मचारियों का अपटूडेट वेतन जारी कर दिया है। शुक्रवार को उनका दो माह (नवंबर और दिसंबर) का वेतन जारी कर दिया गया। महापौर जय प्रकाश ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने सफाई कर्मचारियों का नवंबर और दिसंबर माह तक का वेतन जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि निगम में कार्यरत नर्सों, शिक्षकों और सी व डी श्रेणी के अन्य कर्मचारियों के वेतन की व्यवस्था भी कर दी गई है। 27 या 28 दिसंबर तक उनका वेतन भी जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ए व बी श्रेणी के कर्मचारियों का वेतन भी जल्दी ही जारी कर दिया जाएगा।

महापौर जय प्रकाश ने सभी कर्मचारियों से अपनी हड़ताल खत्म कर काम पर वापस लौटने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम अपने संसाधनों से कर्मचारियों को समय से वेतन देना का हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार से निगम के कर्मचारियों के वेतन के लिए जो 938 करोड़ रूपय आना था वो भी अभी तक नहीं आया है।