भलस्वा के कूड़े पर बवालः आप ने किया प्रदर्शन तो बीजेपी बताया ‘मक्कार आदमी पार्टी’

-एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग के नेतृत्व में ‘आप’ पार्षदों ने भलस्वा कूड़े के पहाड़ पर प्रदर्शन कर की नारेबाजी
-अभी तो दिल्ली की जनता ने दिल्ली सरकार से बेदखल किया है पर 2027 के नगर निगम चुनाव में दिल्ली से ही बेदखल कर देगीः प्रवीण शंकर

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 04 फरवरी 2026।
दिल्ली के भलस्वा लैंडफिल साइट का कूड़ा दिल्ली देहात में डलवाये जाने को लेकर सियासी बवाल शुरू हो गया है। एक ओर आप पार्षदों ने इस मामले में लेंडफिल साइट पर जाकर प्रदर्शन और नारेबाजी की तो दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने आप को ‘मक्कार आदमी पार्टी’ की संज्ञा दे डाली।
अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा की एमसीडी भलस्वा का कूड़ा हज़ारों ट्रकों में भरकर दिल्ली देहात के भलस्वा, किराड़ी, रामा विहार, मुंडका, स्वरूप नगर के गांवों में डाल रही है। इससे इलाके में पानी जमा हो रहा है और लोग बीमार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीएम रेखा गुप्ता बेकसूर लोगों की जिंदगी बर्बाद न करें। अगर दिल्ली को कूड़ा मुक्त नहीं कर सकती हैं तो इस्तीफा दे दें। इस अवसर पर एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार व प्रीति डोंगरा समेत पार्टी के निगम पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भलस्वा लैंडफिल साइट पर प्रदर्शन के दौरान एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की चार इंजन वाली सरकार है और चारों के चारों इंजन फेल हैं। भलस्वा का कूड़े का पहाड़ कहीं से भी कम होता नहीं दिख रहा है। ‘आप’ सरकार के समय यह पहाड़ एक तरफ से खत्म हो गया था, लेकिन अब यह फिर से बढ़ता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि भलस्वा से कूड़े के पहाड़ को हटाकर किराड़ी और मुंडका ले जाया जा रहा है। वहां कूड़े के कारण बच्चों और लोगों की मौत हो रही है, पानी जमा हो रहा है और लोगों को मिलने वाली सुविधाएं खत्म हो चुकी हैं।
अंकुश नारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्री कहते थे कि कूड़े के पहाड़ को जाना पड़ेगा, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि कूड़े के पहाड़ को किराड़ी, मुंडका या दिल्ली के किसी और कोने में जाना होगा। जब से एमसीडी और दिल्ली सरकार में भाजपा आई है, पूरी दिल्ली को गंदा कर दिया है। मजलिस पार्क और निरंकारी ग्राउंड में कूड़ा पड़ा है। किराड़ी और मुंडका में कूड़े के ढेर लगे हैं और वहां के फ्लाईओवर के पास नई लैंडफिल साइट बन रही हैं। आम आदमी पार्टी गांव-देहात, किराड़ी और मुंडका में कूड़ा डालने का विरोध करती है और भलस्वा साइट को खत्म करने की मांग करती है।
अंकुश नारंग ने कहा कि जितनी तेजी से अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में इस पहाड़ को खत्म किया जा रहा था, अब भाजपा की सरकार में वैसा नहीं हो रहा है। दिल्ली के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि जिसकी एमसीडी है, उसी की दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार है। तीनों सरकारें भाजपा की हैं, फिर भी भाजपा काम नहीं कर पा रही है। इससे साफ है कि भाजपा की नीयत में खोट है। वे सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। कूड़े को दिल्ली के अलग-अलग कोनों में भेजकर सीएम रेखा गुप्ता लोगों की जिंदगी बर्बाद कर रही हैं। बदबू के कारण लोगों का यहां रहना दूभर हो गया है और घरों के अंदर तक कूड़ा पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री लोगों का दर्द नहीं समझ सकती हैं तो कुर्सी छोड़ दें। रेखा गुप्ता को इस्तीफा दे देना चाहिए। भाजपा सरकार ने एक कूड़ा नीति निकाली है, जिसके तहत किराड़ी और मुंडका को कूड़े से भरा जा रहा है।
अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली की मासूम जनता ने भाजपा के बड़े-बड़े वादों पर भरोसा करके उन्हें मौका दिया। इसका परिणाम यह हुआ कि इस बार एक्यूआई 700 के पार चला गया। हमें नहीं पता था कि भाजपा ने जो ‘400 पार’ का नारा दिया था, वह लोकसभा सीटों के लिए नहीं, प्रदूषण के एक्यूआई के लिए था। मुख्यमंत्री को शर्म आनी चाहिए कि उन्हें यह नहीं पता कि मुंडका और किराड़ी में कूड़ा फेंका जा रहा है। मुंडका से उनका अपना विधायक है। गजेंद्र दलाल पहले पार्षद थे और अब विधायक बने हैं, इसके बावजूद वहां कूड़ा फेंका जा रहा है, जो बेहद शर्मनाक है।
दूसरी ओर दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि आज भलस्वा लैंडफिल साइट् पर आम आदमी पार्टी के द्वारा की गई नौटंकी कोई जनहित में किया प्रदर्शन नही बल्कि ‘आप’ नेताओं की मक्कारी भरी राजनीतिक नौटंकी है। दिल्ली के महापौर, निगमायुक्त एवं अन्य अधिकारी लगातार बता चुके हैं कि भलस्वा लैंडफिल साइट् से ले जाकर कोई कूड़ा किराड़ी या दिल्ली के किसी भी अन्य क्षेत्र में नही डाला जा रहा पर यह खेदपूर्ण है कि आम आदमी पार्टी के नेता लगातार झूठी बयानबाज़ी करके दिल्ली देहात के लोगों के बीच भ्रम फैलाने में लगे हैं।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह दुखद है कि सम्बंधित अधिकारियों के बार बार यह बताने कि कोई कूड़ा नही बल्कि कूड़े से निकली “इनरट मिट्टी“ को कहीं कहीं जमीन भराव के लिए डाला गया है “आप“ के निगम पार्षदों ने आज भलस्वा लैंडफिल साइट् पर धूर्ततापूर्ण प्रदर्शन किया।