बीजेपी में बवाल… नॉर्थ दिल्ली के नेता सदन तिलक राज का पार्टी से इस्तीफा

-नाराज तिलक राज ने की पार्षद पद से इस्तीफे की पेशकश
-प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और पार्टी प्रभारी को भेजा लिखित इस्तीफा

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
महापौर पद के चुनाव को लेकर दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी में बवाल खड़ा हो गया है। मेयर नहीं बनाए जाने से नाराज बीजेपी पार्षद और उत्तरी दिल्ली नगर निगम में नेता सदन तिलकराज कटारिया ने पार्टी और इसके सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने निगम पार्षद पद से भी इस्तीफे की पेशकश की है।
तिलक राज कटारिया ने बीजेपी नेतृत्व पर आरोप लगाया है कि पार्टी में केवल परिक्रमा करने वालों और हाजिरी लगाने वालों को बढ़ावा दिया जा रहा है। पार्टी में अब काम करने वाले कार्यकर्ताओं का न तो मान सम्मान है और नाही उनकी जरूरत है। उन्होंने लिखा है कि मैं स्वाभिमान बेचकर कोई काम नहीं करता और जब पार्टी को जरूरत ही न हो तो जबरदस्ती पार्टी से चिपके रहना गैर जरूरी समझता हूं।
तिलकराज कटारिया ने अपने पत्र में साफ तौर पर लिखा है कि पार्टी नेतृत्व पर अवहेलना पूर्ण रवैये का आरोप लगाते हुए उसके निर्णयों से असहमति व्यक्त की है। उन्होंने पार्टी और सभी पदों से तत्काल प्रभाव से खुद को मुक्त करने की बात कही है।

नहीं छोड़ पाए नेता सदन का मोह
तिलकराज कटारिया फिलहाल उत्तरी दिल्ली नगर निगम में नेता सदन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह 217 में निगम पार्षद का चुनाव जीतकर आए थे। पहले साल में ही उन्हें बीजेपी ने स्थायी समिति का अध्यक्ष बना दिया था। इसके बाद दो साल से नेता सदन के पद की जिम्मेदारी संभालते आ रहे हैं। इस बार पार्टी ने उनकी जगह पर बुधवार को योगेश वर्मा को नेता सदन बनाए जाने की घोषणा कर दी है। इसके बाद तिलकराज कटारिया नेता सदन के पद का मोह नहीं छोड़ पाए और नाराजगी में अपने सभी पदों से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी।
जय प्रकाश के मिला उत्तरी दिल्ली के महापौर का ओहदा
दिल्ली बीजेपी ने स्थायी समिति अध्यक्ष जय प्रकाश को उत्तरी दिल्ली का महापौर बनाने की घोषणा की है। जय प्रकाश ने बुधवार को महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। उनके साथ उप महापौर पद के लिए रितु गोयल ने नामांकन दाखिल किया। उत्तरी दिल्ली नगर निगम में छैल बिहारी को स्थायी समिति का अध्यक्ष और विजेंद्र यादव को उपाध्यक्ष बनाने की घोषणा की है।
निर्मल जैन बने पूर्वी दिल्ली के महापौर
दिल्ली बीजेपी ने अनुभवी निगम पार्षद निर्मल जैन को पूर्वी दिल्ली का महापौर बनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ हरि प्रकाश बहादुर के नाम की घोषणा उप महापौर पद के लिए की गई है। पूर्वी दिल्ली में मास्टर सतपाल को दोबारा स्थायी समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ दीपक मलहोत्रा स्थायी समिति के उपाध्यक्ष होंगे। नेता सदन का पद प्रवेश शर्मा को दिया गया है।
दक्षिणी दिल्ली में अनामिका संभालेंगी महापौर पद की कमान
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के लिए दिल्ली बीजेपी ने अनामिका मिथलेश का नाम तय किया है। उनके साथ सुभाष भड़ाना उप महापौर होंगे। स्थायी समिति अध्यक्ष राजदत्त गहलोत और उपाध्यक्ष तुलसी जोशी को बनाया जा रहा है। नेता सदन की जिम्मेदारी नरेंद्र चावला के पास होगी।
भूपेंद्र गुप्ता को हुआ ईमानदारी का नुकसान
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता को उनकी ईमानदारी की वजह से नुकसान उठाना पड़ा है। खास बात है कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से कराई गई रायशुमारी को भी कोई तरजीह नहीं दी गई। भूपेंद्र गुप्ता ने निगम में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने पार्किंग ठेका घोटाले और फर्जी हाजिरी घोटाले की जांच करने को कहा था। इसको लेकर पार्टी में ही उनकी शिकायत की गई थी। इसलिए उन्हें महापौर का पद नहीं दिया गया। सूत्रों का कहना है कि पार्टी की ओर से कराई गई रायशुमारी में भूपेंद्र गुप्ता का नाम सबसे ऊपर था। लेकिन पार्टी में गुटबाजी के चलते रायशुमारी को भी कोई महत्व नहीं दिया गया।