DBC कर्मियों की हड़ताल में सियासी तड़का… नाला बेलदारों की हड़ताल खत्म

-धरना स्थल पर पहुंचे आम आदमी पार्टी के नेता
-सोमवार से हड़ताल पर हैं डीबीसी कर्मचारी

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स (डीबीसी) कर्मचारियों की हड़ताल में सियासी तड़का शुरू हो गया है। हड़ताल के दूसरे दिन मंगलवार को आम आदमी पार्टी के कुछ नेताओं ने धरना स्थल पर पहुंचकर इसे सियासी रंग दे दिया। माना जा रहा है कि डीबीसी कर्मचारियों की यह हड़ताल और धरना-प्रदर्शन निगम चुनाव का सियासी अखाड़ा बन सकता है। खास बात यह रही कि दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने हड़ताली कर्मियों को उन्हें पक्का करने के लिए मल्टी टास्किंग स्टाफ बनाये जाने की प्रक्रिया के प्रोसेस में होने का पत्र जारी कर दिया। दूसरी ओर डीबीसी कर्मियों के साथ हड़ताल पर बैठे नाला बेलदारों ने अपनी हड़ताल दूसरे दिन ही वापस ले ली है।

यह भी पढ़ेंः BJP शासित नॉर्थ DMC का कारनामाः लाखों रूपये बकाया फिर भी बिना टेंडर के दे दिये उन्हीं ठेकेदारों को 5 पार्किंग का ठेके

बता दें कि मंगलवार को सफाई कर्मचारियों की एक यूनियर के अध्यक्ष करण सिंह महरोलिया और आम आदमी पार्टी के निगम पार्षद राकेश कुमार डीबीसी कर्मचारियों के धरना स्थल पर पहुंच कर उनकी मांगों का सर्मर्थन करने का ऐलान किया। हालांकि सफाई कर्मचारियों की किसी यूनियन के सदस्यों ने डीबीसी कर्मचारियों की हड़ताल में शामिल होने से पूरी तरह से दूरी बना रखी है।

यह भी पढ़ेंः नॉर्थ निगमः अधिकारियों की निजी कंपनी से मिलीभगत का खुलासा… अवैध दुकानें बनाने को एंबुलेंस में भरकर लाये सीमेंट

गौरतलब है कि तीनों नगर निगमों में करीब 3500 डीबीसी कर्मचारी काम करते हैं। फिलहाल यह करीब पिछले ढाई दशक से कांट्रैक्ट पर काम करते हैं और इन्हें न्यूनतम वेतन दिया जाता है। इनकी मुश्किल यह भी है कि इतना कम वेतन होने के बावजूद इन्हें समय पर वेतन नहीं मिलता। उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम में तो अब भी करीब तीन से चार महीने से वेतन नहीं मिला है। जबकि इन्हें पक्का करने की मांग भी बहुत पुराने समय से चली आ रही है।
डीबीसी कर्मियों को भारी पड़ सकता है सियासी खेल
डीबीसी कर्मचारियों की हड़ताल और धरना-प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के नेताओं के शामिल होने का यह सियासी खेल इन कर्मचारियों के लिए भारी भी पड़ सकता है। कारण है कि बीजेपी शासित नगर निगम ने यह स्पष्ट कर दिया है कि लंबे समय से आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार को इन्हें पक्का करने के संबंध में लिखकर भेजा हुआ है, लेकिन दिल्ली सरकार की ओर से कोई जवाब ही नहीं दिया जा रहा है।
जारी रहेगी हड़तालः देवानंद
एंटी मलेरिया एकता कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर डीबीसी कर्मचारियों की हड़ताल और धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। अध्यक्ष देवानंद शर्मा ने कहा कि हमें किसी की ओर से अब तक कोई आश्वासन नहीं मिला है। दक्षिणी निगम ने एक पत्र जारी करके कहा है कि हमारा मामला मल्टी टास्किंग स्टाफ के नाम पर अंडर प्रोसेस है, लेकिन जब तक हमें कोई पक्का और ठोस आश्वासन नहीं मिलता तब तक हमारी हड़ताल जारी रहेगी।
पक्के होंगे नाला बेलदार
डीबीसी कर्मचारियों के साथ हड़ताल पर बैठे नाला बेलदारों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है। डीबीसी कर्मचारियों की तरह ही नाला बेलदार भी अपनी नौकरी पक्का करने की मांग कर रहे थे। करीब 85 नाला बेलदारों की पक्का किया जाना है, जिनकी फाइल भी चल रही है। मंगलवार को उत्तरी दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह और स्थायी समिति अध्यक्ष जोगीराम जैन के साथ नाला बेलदारों की हुई बैठक में आश्वासन दिया गया कि अगले कुछ दिनों में उनका पक्का करने के आदेश जारी कर दिये जायेंगे। बता दें कि दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने पहले ही अपने नाला बेलदारों को पक्का करने के नियुक्ति पत्र जारी कर दिये हैं।