दिवाली से पहले केवल सफाई कर्मियों को मिलेगी सेलरी!

-निगम कर्मियों को नहीं मिली सितंबर महीने की सेलरी

शक्ति सिंह/ नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों के सामने एक बार फिर से सेलरी की समस्या खड़ी हो गई है। कर्मचारियों को दो महीनों से सेलरी नहीं मिलने की वजह से उनकी आर्थिक हालत एक बार फिर से खराब होनी शुरू हो गई है। अब बताया जा रहा है कि दिवाली से पहले केवल सफाई कर्मचारियों को ही सेलरी मिल पायेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि रिटायर्ड कर्मचारियों को भी दिवाली से पहले एक महीने की पेंशन दी जा सकती है।

यह भी पढ़ेंः बीजेपी-राजः ना इलाज के लिए दवाईयां ना मच्छरों को मारने के लिए टैमीफॉस फिर भी डेंगू से बचाव के बड़े-बड़े दावे!

उत्तरी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति के अध्यक्ष जोगीराम जैन ने कहा कि आर्थिक संकट की वजह से निगम कर्मियों की सेलरी नहीं दी जा सकी है। दिवाली से पहले हम डी श्रेणी के सभी कर्मचारियों को एक महीने का वेतन और रिटायर्ड कर्मचारियों को एक महीने की पेंशन देने के प्रयास में हैं। लेकिन सफाई कर्मचारियों को पहले वेतन देने की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने अभी तक नगर निगम को अगस्त महीने की 61 करोड़ रूपये की ट्रांसफर ड्यूटी तक का भुगतान नहीं किया है। हालांकि निगम अधिकारियों ने सितंबर महीने की ट्रांसफर ड्यूटी का बिल भी भेज दिया है।

यह भी पढ़ेंः बीजेपी के गले की फांस बनी 50 मीटर तक के मकानों की संपत्ति कर माफी योजना!

जोगीराम जैन ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने नगर निगम को मिलने वाले फंड में काफी राशि काट ली है। जिसकी वजह से नगर निगम के कर्मचारियों के वेतन की समस्या फिर से खड़ी हो गई है। बताया जा रहा है कि ए और बी श्रेणी के अधिकारियों की सेलरी तो पिछले तीन माह से नहीं मिली है। सी व डी श्रेणी के कर्मचारियों का भी करीब दो महीने का वेतन बकाया है। वहीं कांट्रैक्ट वाले कर्मचारियों का वेतन भी करीब दो महीनों से नहीं मिला है। ऐसे में आने वाले दिनों में नगर निगम के ऊपर कर्मचारी यूनियनों का दबाव और ज्यादा बढ़ सकता है।