अब स्विट्जरलैंड में भी नहीं चलेगा बुर्का

-सार्वजनिक जगहों पर बुर्का-नकाब पहनने पर लगाई पाबंदी
-फ्रांस, बेल्जियम और ऑस्ट्रिया में बुर्का पर पहले से पाबंदी

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
विश्व के कई देश अब बुर्का पर प्रतिबंध लगाने की ओर बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में स्विटजरलैंड ने भी अपने यहां सार्वजनिक स्थानों पर बुर्का के प्रयोग पर रोक लगा दी है। फ्रांस, बेल्जियम और ऑस्ट्रिया में पहले से ही सार्वजनिक जगहों पर मुस्लिम महिलाओं के हिजाब और बुर्के से चेहरा ढंकने पर पाबंदी लगाई जा चुकी है। स्विट्जरलैंड में इसको लेकर जनमत संग्रह कराया गया था, जिसमें 51 प्रतिशत मतदाताओं ने बुर्का प्रतिबंधित करने के पक्ष में वोट किया था।

यह भी पढ़ें- इस सप्ताह बन रहा बुधादित्य योग… और सूर्य करेंगे राशि परिवर्तन

इस प्रस्ताव के मंजूर होने के बाद रेस्त्रां, खेल के मैदानों, सार्वजनिक परिवहन साधनों या सड़कों पर चलते समय चेहरा ढंकने पर पाबंदी लग जाएगी। हालांकि, स्विट्जरलैंड की संसद और देश की संघीय सरकार का गठन करने वाली सात सदस्यीय कार्यकारी परिषद ने इस जनमत संग्रह प्रस्ताव का विरोध किया है। हालांकि, धार्मिक स्थलों पर जाते समय चेहरा ढंकने और स्वास्थ्य कारणों, जैसे कि कोविड-19 से बचाव के दौरान केवल मास्क पहनने की छूट रहेगी।

यह भी पढ़ें- आईपीएल 2021 का शेड्यूल जारी, भारत में ही होगा टूर्नामेंट का आयोजन

सार्वजनिक स्थानों पर बुर्का पहनने की छूट होनी चाहिए या नहीं? इस बात का फैसला करने के लिए जनमत संग्रह का सहारा लिया गया था। जिसपर स्विट्जरलैंड की जनता ने 7 मार्च को मतदान किया था। बता दें कि इससे पहले फ्रांस ने साल 2011 में ही चेहरे को पूरी तरह से ढकने वाले कपड़े पहनने पर बैन लगा दिया था। वहीं डेनमार्क, ऑस्ट्रिया, नीदरलैंड और बुल्गारिया में भी सार्वजनिक जगहों पर बुर्का पहनने पर पाबंदी है।