-वेतन नहीं मिलने से भुखमरी के कगार पर निगमकर्मीः मुकेश गोयल
-निगम आयुक्त, महापौर और स्थायी समिति अध्यक्ष को लिखा पत्र
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता और वरिष्ठ निगम पार्षद मुकेश गोयल ने कहा है कि निगमकर्मियों को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है। इसकी वजह से कर्मचारी भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। उन्होंने इस संबंध में निगम आयुक्त, महापौर और स्थायी समिति अध्यक्ष को पत्र लिखकर मांग की है कि कर्मचारियों का वेतन तुरंत जारी किया जाए।
यह भी पढ़ेंः- DELHI RIOTS: कोर्ट ने माना, ताहिर ने भड़काई दंगों की आग!
मुकेश गोयल ने कहा कि हमने निगम आयुक्त, महापौर और स्थायी समिति अध्यक्ष को पत्र लिखकर कर्मचारियों की बदतर आर्थिक स्थिति से अवगत कराया है। कर्मचारियों के सामने अपना परिवार चलाने और बच्चों के पालन-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है। कर्मचारियों को अप्रैल महीने से वेतन नहीं दिया गया है। जबकि अब अगस्त का महीना भी खत्म हो गया है।
यह भी पढ़ेंः- DELHI RIOTS: साजिशकर्ताओं-चक्का जाम करने वालों को नहीं देंगे जमानतः कोर्ट
उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि केवल वर्तमान कर्मचारियों को ही नहीं बल्कि सेवानिवृत हो चुके कर्मचारियों को उनकी पेंशन का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। दिल्ली हाई कोर्ट ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम के करीब 12 हजार सेवानिवृत कर्मचारियों को पांच महीनों में से एक महीने की पेंशन तुरंत जारी करने का आदेश दिया था। बाकी पेंशन के लिए रिपोर्ट देने के लिए कहा गया था। लेकिन नगर निगम ने एक महीने की पेंशन भी जारी नहीं की है।
यह भी पढ़ेंः- 15 अगस्त को ही शुरू हो गई थी ‘‘CONGRESS जी-23’’ सीरियल की पटकथा!
कांग्रेस दल के नेता मुकेश गोयल ने कहा कि वेतन नहीं मिलने की वजह से निगम कर्मचारियों की आर्थिक हालत बेहद चिंताजनक हो गई है। कर्मचारियों में भारी नाराजगी है, जिसके चलते वह कभी भी आंदोलन पर जा सकते हैं। अतः कोई भी विपरीत स्थिति आने से पहले इन कर्मचारियों का वेतन तुरंत जारी किया जाना चाहिए।