ओमिक्रोन के लिए उत्तरी दिल्ली नगर निगम तैयारः जय प्रकाश

-निगम अस्पतालों में 1 हजार एलपीएस क्षमता के ऑक्सीजन प्लांट का कार्य पूरा

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने ओमिक्रॉन वायरस से बचाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं। पूर्व महापौर जय प्रकाश ने बताया कि कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रोन से निपटने के लिए उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने अपने संसाधनों में बढ़ोतरी की है। उन्होंने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के हिंदू राव अस्पताल, आरबीआईपीएमटी अस्पताल व गिरधर लाल अस्पताल में 1000 एलपीएस क्षमता के ऑक्सीजन प्लांट लगाने का कार्य पूरा हो चुका है। ये सभी ऑक्सीजन प्लांट प्रधानमंत्री केयर फंड और पेट्रोलियम मंत्रालय के सहयोग से लगाए गए हैं।

यह भी पढ़ेंः नॉर्थ निगमः कौन बनेगा कांग्रेस दल का नेता?…कई हैं दावेदार!

जय प्रकाश ने बताया कि कोरोना वायरस का नया वेरिएंट ओमिक्रोन अपने पैर पसार रहा है और इसकी शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के देशों से हुई है। इसके मद्देनज़र भारत सरकार सतर्क है और इस संबंध में दिशा निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम का हिंदू राव अस्पताल नागरिकों को सेवा के लिए पूरी तरह तैयार है। अस्पताल में वेंटिलेटर व अन्य सुविधाएं बढ़ायी गई है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम हर चुनौती का सामना करने के लिए पहले से तैयार है।