उत्तरी निगम का बजटः ट्रांसफर ड्यूटी में 1 फीसदी की बढ़ोतरी, नहीं लगेगा कोई नया टैक्स… किये लुभावने वादे

-स्थायी समिति की बैठक में पेश किया 9206 करोड़ का बजट
-2020-21 के संशोधित बजट में घटायी 3020 करोड़ रूपये की आय

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
गंभीर आर्थिक संकट झेल रहा उत्तरी दिल्ली नगर निगम अब दिल्ली वालों पर 1 फीसदी ट्रांसफर ड्यूटी का भार बढ़ाने जा रहा है। उत्तरी दिल्ली निगम की स्थायी समिति की बैठक में मंगलवार को वित्त वर्ष 2020-21 का संशोधित एवं वित्त वर्ष- 2021-22 के लिए बजट पेश किया गया। अतिरिक्त आयुक्त स्वाती शर्मा ने स्थायी समिति की बैठक में बजट अनुमान पेश किये। इसमें ट्रांसफर ड्यूटी बढ़ाए जाने की चर्चा है। 25 लाख रूपये से ज्यादा की संपत्तियों पर अब लोगांं को 1 फीसदी ट्रांसफर ड्यूटी ज्यादा चुकानी होगी। बजट में किसी भी नये टैक्स या अन्य किसी पुराने टैक्स में बढ़ोतरी का प्रस्ताव नहीं किया गया है।

यह भी पढ़ें- जानिये, कौनसी छह राशि वालों का रास्ता आसान करेगा शुक्र का बदलता गोचर?

मंगलवार को स्थायी समिति की बैठक में वित्त वर्ष 2020-21 के लिए संशोधित बजट पेश किया गया। 2020-21 के बजट में निगम को होने वाली आय में 3020 करोड़ रूपये की कटौती की गई है। पहले ये 10,001.18 करोड़ रूपये का था, जिसे घटाकर 6,981.01 करोड़ रूपये किया गया है। दूसरी ओर वित्त वर्ष 2021-22 के लिए कुल 9206.98 करोड़ रूपये की आय का अनुमानित बजट पेश किया गया है। जबकि अगले वित्त वर्ष में 9205.96 करोड़ रूपये के एक्सपेंडिचर का अनुमान है।

यह भी पढ़ें- 400 साल पुरानी ऐतिहासिक दीवार के सहारे अरबों की जमीन पर पार्किंग माफिया का अवैध कब्जा!

बनेंगी 17 मल्टी लेबल कार पार्किंग
स्थायी समिति बैठक में पेश किये गए बजट प्रस्तावों के मुताबिक उत्तरी दिल्ली नगर निगम 17 नये मल्टी लेबल कार पार्किंग बनाएगा। इनके द्वारा 12 हजार 915 कारों को पार्क करने की सुविधा प्रदान की जाएगी। इनमें 500 कारों के लिए शिवा मार्केट पीतमपुरा, 2368 कारों के लिए गांधी मैदान, 174 कारों के लिए कुतुब रोड, 600 कारों के लिए संत नगर-रानी बाग, 3150 कारों के लिए ईदगाह रोड, 577 कारों के लिए शास्त्री पार्क, 464 कारों के लिए राजेंद्र नगर, 288 कारों के लिए यू एंड वी ब्लॉक शालीमार बाग, 350 कारों के लिए एसी ब्लॉक शालीमार बाग, 500 कारों के लिए बैंक रोड करोलबाग, 580 कारों के लिए मादीपुर, 470 कारों के लिए उद्योग नगर, 324 कारों के लिए पंजाबी बाग, 1 हजार कारों के लिए नागलोई, 1 हजार कारों के लिए मुंडका मेट्रो स्टेशन, 350 कारों के लिए आरजी कॉम्पलेक्स पहाड़गंज, 250 कारों के लिए प्रताप नगर कार पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें से ज्यादातर कार पार्किंग के निर्माण का काम शुरू हो गया है।

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री आवास पर हाई वोल्टेज ड्रामा… दिल्ली के तीनों महापौरों का 13 हजार करोड़ की मांग को लेकर धरना जारी

प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में पिछड़ा निगम
उत्तरी दिल्ली नगर निगम इस साल प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली में पिछड़ गया है। 25 नवंबर, 2020 तक नगर निगम को प्रॉपर्टी टैक्स की मद में कुल 388.55 करोड़ रूपये प्राप्त हुए हैं। जबकि पिछले साल इसी समयावधि में इससे 25.53 करोड़ रूपये ज्यादा प्राप्त हुए थे। हालांकि ट्रांसफर ड्यूटी के रूप में नगर निगम को इस साल 162.88 करोड़ रूपये प्राप्त हुए हैं। अच्छी बात यह है कि इस साल नगर निगम ने 1500 नई संपत्तियों की पहचान की है। जिससे 2.72 करोड़ रूपये के प्रॉपर्टी टैक्स की अतिरिक्त आमदनी हुई है।
खुलेंगे आधार पंजीकरण केंद्र
उत्तरी दिल्ली नगर निगम अपने यहां आधार पंजीकरण केंद्र खोलने जा रहा है। इसके लिए यूनिक आईडेंटीफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईडीएआई) ने नगर निगम को रजिस्ट्रार के रूप में अधिकृत कर दिया है। जल्दी ही नगर निगम के कार्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों में आधार लिंक्ड बर्थ रजिस्ट्रेशन सेंटर्स की स्थापना की जाएगी। हालांकि इन्हें संचालित करने के लिए निजी कंपनियों की सेवाएं लिए जाने का प्रस्ताव है।
शौचालयों को तोड़कर बनेंगे कॉफी शॉप, 3 किलोमीटर पर ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन
स्थायी समिति में पेश किये गए बजट प्रस्तावों के मुताबिक उत्तरी दिल्ली नगर निगम हर तीन किलोमीटर पर ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन स्थापित किरेगा। इसके लिए जल्दी ही नीति लाई जाएगी। दूसरी ओर नगर निगम को जो शौचालय बेकार पड़े हैं, उन्हें तोड़कर उनकी जगह पर कॉफी शॉप, जिम और सायबर कैफे खोले जाने की योजना है। हालांकि अभी बजट प्रस्तावों में यह नहीं बताया गया है कि इसके लिए पैसा कहां से जुटाया जाएगा।