अधिकारियों के साथ हुई बैठक बेनतीजा… MCD एमटीएस (DBC/CFW) कर्मियों ने सिविक सेंटर के चारों ओर निकाला जुलूस… कर्मचारियों संग धरने पर बैठीं कांग्रेस पार्षद नाजिया दानिश

-शनिवार को छठे दिन भी जारी रहेगी अनिश्चित कालीन हड़ताल, जारी रहेगा डीबीसी कर्मियों का सिविक सेंटर पर धरना

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 03 अक्टूबर, 2025।
लंबे समय से लंबित चली आ रही मांगों को लेकर दिल्ली नगर निगम के एमटीएस (डीबीसी/सीएफडब्लू) कर्मचारियों की अनिश्चित कालीन हड़ताल शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रही। धरना-प्रदर्शन कर रहे एमसीडी के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने शुक्रवार को निगम मुख्यालय सिविक सेंटर के चारों ओर जुलूस निकाला। इस जुलूस और धरना प्रदर्शन में कांग्रेस पार्षद दल की नेता नाजिया दानिश अपने कुछ सहयोगी निगम पार्षदों के साथ पांचवें दिन भी शामिल हुईं। दूसरी ओर बातचीत के जरिये समस्या का समाधान निकालने के लिए एमसीडी के अतिरिक्त आयुक्त द्वारा निगम अधिकारियों एवं हड़़ताली कर्मचारियों की यूनियन के नेताओं की बुलाई गई बैठक बेनतीजा रही। एंटी मलेरिया कर्मचारी यूनियन के नेता मदनपाल और देवानंद शर्मा ने बताया कि उनकी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
दूसरी ओर नाजिया दानिश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सत्ता वाले एमसीडी अधिकारियों के द्वारा एमटीएस कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। बीजेपी के नेता इस मामले में घोर लापरवाही बरत रहे हैं, जबकि जल एवं मच्छर जनित बीमारियों के मौसम में यह डीबीसी कर्मचारी पिछले पांच दिनों से हड़ताल पर हैं। एमसीडी अधिकारियों के द्वारा डीबीसी कर्मचारियों के साथ बैठकें करके केवल समय खराब किया जा रहा है। शुक्रवार को भी एमसीडी अधिकारी डीबीसी/ सीएफडब्लू कर्मचारियों की हड़ताल खत्म करवाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा सके।
नाजिया दानिश ने चिंता जाहिर की कि देश की राजधानी में बीमारियों से बचाव का काम पूरी तरह से ठप हो जाने की वजह से दिल्ली वालों को महामारी का सामना करना पड़ सकता है। एमसीडी के इन कर्मचारियों को त्योहारी सीजन अपने घरों पर मनाना चाहिए था। परंतु बीजेपी की मनमानी और निगम अधिकारियों की लापरवाही की वजह से उन्हें दशहरे का त्योहार सड़क पर धरना-प्रदर्शन करके मनाना पड़ा है। यदि यही हाल रहा तो दीपावली का त्योहर भी इन्हें सड़कों पर बैठकर ही मनाना पड़ेगा।