-निगम कर्मचारियों का हक मार रहे आप और बीजेपीः नाजिया दानिश
नई दिल्लीः 22 जुलाई।
मंगलवार से हड़ताल पर गये दिल्ली नगर निगम के एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों को कांग्रेस का समर्थन मिला है। एमसीडी में कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश ने एमसीडी मुख्यालय के गेट नंबर 5 पर धरना-प्रदर्शन कर रहे एमटीएस कर्मचारियों के बीच पहुंचकर अपना समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीब, पिछड़ों और जरूतमंदों की लड़ाई लड़ती रही है। एमसीडी कर्मचारियों के हक की लड़ाई में कांग्रेस पूरी तरह से साथ है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पिछले करीब ढाई वर्ष से आम आदमी पार्टी नगर निगम की सत्ता में थी और अब बीजेपी के पास एमसीडी की सत्ता है, इससे पहले भी बीजेपी 15 वर्षों तक एमसीडी की सत्ता में थी और दोनों ही दलों ने एमसीडी के कर्मचारियों के हक को मारा है।
नाजिया दानिश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 से देश की सत्ता संभाल रहे हैं और दिल्ली में भी ट्रिपल इंजन सरकार है। फिर भी एमसीडी कर्मचारियों के हितों को अनदेखा किया जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर गये एमटीएस कर्मचारियों के ऊपर एमसीडी अधिकारियों के द्वारा हड़ताल खत्म करने का नाजायज दबाव बनाया जा रहा है और उन्हें नौकरी से हटाने का डर दिखाया जा रहा है। परंतु कांग्रेस पार्टी ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने सत्ताधारी दल के नेता एवं मेयर राजा इकबाल सिंह से मांग की कि डीबीसी कर्मचारियों की जायज मांगों को तुरंत माना जाये। अधिकारियों के साथ हुई पिछली बैठकों में जो वायदे एमटीएस कर्मचारियों के साथ किये गये थे, उन्हें तुरंत पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल-जनित एवं मच्छरों से पैदा होने वाली बीमारियों का सीजन पीक पर है और एमटीएस कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। ऐसे में दिल्ली वालों पर बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है।
नाजिया दानिश ने आगे कहा कि 1 से 19 जुलाई के बीच मलेरिया के 29, डेंगू के 45 और चिकनगुनिया का 1 मामला सामने आ चुका है। जबकि बरसात का मौसम लगातार खतरे की घंटी बजा रहा है। ऐसे में एमटीएस कर्मचारियों की हड़ताल लंबी खिंचती है तो दिल्ली में बीमारियों का खतरा और बढ़ जायेगा।


