अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ FIR करायेगी MCD.. लेकिन सीएम के नाम पर चुप्पी

-आम आदमी पार्टी के आरोपों पर मीडिया के सामने पहली बार सामने आये निगम अधिकारी

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 28 अक्टूबर, 2022।
दिल्ली नगर निगम अफवाह और झूठी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायेगा। नगर निगम के कामकाज को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों को लेकर दक्षिणी दिल्ली के एक थाने में एक आटो वाले के खिलाफ नगर निगम ने शिकायत दी है। हालांकि निगम अधिकारियों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मामले में चुप्पी साध ली है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने गुरूवार को गाजीपुर लैंडफिल साइट का दौरा किया था। वहां पर उन्होंने कहा था कि नगर निगम कूड़े के पहाड़ को कम करने के बजाय दिल्ली में 16 नये लैंडफिल साइट बनाने की तैयारी में है। कुछ इसी तरह के आरोप आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पहले भी लगाये थे। इस मामले में नगर निगम कई बार प्रेस रिलीज जारी करके खंडन कर चुका है।
आम आदमी पार्टी के आरोपों से पल्ला झाड़ने के लिए पहली बार नगर निगम की ओर से प्रेस एवं सूचना निदेशक अमित कुमार सामने आये। उन्होंने कहा कि नगर निगम दिल्ली में किसी भी जगह पर नये लैंडफिल साइट नहीं बना रहा है। बल्कि दिल्ली के पुराने तीनों लैंडफिल साइट के पहाड़ों को 15 मीटर से ज्यादा तक कम किया गया है। उन्होंने कहा कि पुराने लैंडफिल साइट्स में दो को दिसंबर 2023 तक खत्म कर दिया जायेगा। जबकि बचे हुए एक लैंडफिल साइट को मार्च 2024 तक खत्म कर दिया जायेगा।
अमित कुमार ने यह भी कहा कि जो भी लोग नगर निगम की कार्यप्रणाली के बारे में झूठी खबरें फैलायेंगे उनके खिलाफ पुलिस में एफआईआर करायी जायेगी। एक एफआईआर कराई जा चुकी है। उस मामले में एक आॅटो वाले द्वारा इलाके में झूठी खबरें फैलाई जा रही थी।
मुख्यमंत्री के नाम पर चुप्पी
जब प्रेस एवं सूचना निदेशक अमित कुमार से सवाल किया गया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वयं दिल्ली में नगर निगम द्वारा 16 नये लैंडफिल साइट्स बनाने की बात कही है। क्या इस मामले में मुख्यमंत्री के खिलाफ एफआईआर कराई जायेगी? इस सवाल पर प्रेस एवं सूचना निदेशक ने चुप्पी साध ली। उन्होंने कहा कि केजरीवाल माननीय मुख्यमंत्री हैं, इस मामले में कोई कमेंट नहीं किया जा सकता।