MCD ने सिंघोला स्थित गाद के पहाड़ को हटाया

-एमसीडी का दावाः 7.59 लाख मीट्रिक टन गाद को मात्र 6 महीने में साफ किया

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 22 जुलाई।
दिल्ली नगर निगम ने सिंघोला-खामपुर गांव में स्थित गाद के पहाड़ को साफ कर दिया है। यह गाद 7.2 एकड़ में डाली गई थी। इस जगह का इस्तेमाल पूर्ववर्ती शाहदरा उत्तरी एवं शाहदरा दक्षिणी क्षेत्र से निकली गाद को डालने के लिए किया जा रहा था। एमसीडी के एकीकरण के पश्चात इस जगह पर लगे गाद के ढेर को बायो माइनिंग एवं बायो रेमेडिएशन के द्वारा निस्तारित करने का निर्णय लिया गया।
एमसीडी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि छः महीने के समय में 7.59 लाख मीट्रिक टन गाद को निस्तारित कर दिया गया। इस जगह से गाद को निस्तारित करने के पश्चात अब यहां पर 08 क्षेत्रों ( शाहदरा दक्षिणी, शाहदरा उत्तरी, सिविल लाइंस, सिटी पहाड़गंज, रोहिणी, नरेला, केशवपुरम एवं करोल बाग) की गाद 01 जुलाई 2025 से डालनी आरम्भ कर दी गई है। साइट पर डाली जा रही गाद को बायो माइनिंग एवं बायो रेमेडिएशन के द्वारा निस्तारित किया जाएगा।
दिल्ली के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने इस के लिए दिल्ली नगर निगम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार दिल्ली में स्थित कूड़े के पहाड़ों को समयबद्ध तरीके से हटाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली को हरित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं।