कोरोनाकाल में विशेष योगदान के लिए नेहा राणा सहित कई महिलाएं सम्मानित

-उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने किया महिलाओं को सम्मानित
-जमजम फाउंडेशन ने किया ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ का आयोजन

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने कोरोनाकाल में विशेष कार्यों के लिए गुरूवार को उत्तरी निगम के मुख्यालय में महिलाओं को सम्मानित किया। महिला दिवस के उपलक्ष्य में ‘‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ का आयोजन जम-जम फाउंडेशन द्वारा किया गया। इस अवसर पर फाउंडेशन के अध्यक्ष शमीम अहमद खान ने सम्मानित की गई हस्तियों के बारे में परिचय कराया।

यह भी पढ़ें- जानें, किन 5 राशियों को विशिष्ट फलदायी होगा बुध का कुंभ राशि में गोचर?

इस कार्यक्रम में उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने गुरूवार को हिन्दुराव अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ अनु कपूर, कस्तूरबा अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ अमिता सक्सेना, सिविल अस्पताल बहादुरगढ की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ राजकुमारी इंदौरा, एयर इंडिया से नेहा राणा मान, टाटा पावर से शैरी मंडल, देवोत्थान सेवा समिति से किरणदीप कौर, सामाजिक कार्यकर्ता एम्बूलेंस वूमन के नाम से प्रख्यात ट्विंकल कालिया और पत्रकार श्रावणी मिश्रा को सम्मानित किया। बता दें कि एयर इंडिया से जुड़ी नेहा राणा मान ने कोरोना की भीषण महामारी और लॉकडाउन के दौरान सरकारी विमानन कंपनी को अपनी सेवाएं निरंतर जारी रखीं और विदेशों से लोगों को लाने-लेजाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

यह भी पढ़ें- BJP नेतृत्व पर सवालिया निशान… क्या खाली करा सकेंगे नेशनल क्लब सहित चार क्लबों की सरकारी जमीन?

इस अवसर पर महापौर जय प्रकाश ने कहा कि महिला का योगदान परिवार से ही महत्वपूर्ण हो जाता है और समाज में रह कर अपने कर्तव्यों का निवर्हन अति विशिष्टता से करना उन्हें और से अलग करता है। वे समाज में प्रेरणा का कार्य करते हैं अतः उनकी सेवाओं को पहचान देना उन्हें प्रोत्साहित करना है।

समारोह की अध्यक्षता जम-जम फाउंडेशन के प्रमुख संरक्षक योगेंद्र सिंह मान ने की। उन्होंने कहा कि जम-जम फाउंडेशन ने समाज एंव सेवा के विभिन्न क्षेत्रों से उन महिलाओं को चिन्हित कर सम्मान दिया है, जिन्होंने असामान्य प्रयास कर अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन कर एक मिसाल स्थापित की है। इस मौके पर फाउंडेशन की उपाध्यक्ष सीमा नारंग, मीनू दीवान, अर्चना गिल, सचिव रेखा शर्मा, इन्दु शर्मा, अनीता, यामिनी नारंग व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।