-यूनियन नेताओं ने रखीं सफाई कर्मचारियों की परेशानियां
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 19 जून।
दिल्ली नगर निगम में नेता सदन प्रवेश वाही एवं उप महापौर जय भगवान यादव से दिल्ली नगर निगम के समस्त सफाई कर्मचारी यूनियन की कोर कमेटी के सदस्यों ने निगम मुख्यालय में भेंट की। इस अवसर पर कोर कमेटी के सदस्यों ने नेता सदन प्रवेश वाही एवं उप महापौर जय भगवान यादव का पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन किया एवं उन्होंने सफाई कर्मचारियों की अनेक समस्याओं से सभी को अवगत कराया।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य मृत सफाई कर्मचारियों के आश्रितों को करुणा मूलक आधार पर नौकरी प्रदान करना एवं उन्हें पक्का करना शामिल है। साथ ही सफाई कर्मचारियों के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
नेता सदन प्रवेश वाही एवं उप महापौर जय भगवान यादव ने सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को ध्यान से सुना और उसे शीघ्र उच्च अधिकारियों के साथ मिलकर हल करने का आश्वासन भी दिया। प्रवेश वाही ने आए हुए सफाई कर्मचारियों से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छता अभियान को सफल बनाने की अपील की।
समस्त सफाई कर्मचारी यूनियन के लोगों का प्रमुख रूप से श्री नरेश पीवाल, श्री मूलचंद, श्री संदीप बेनीवाल आदि ने नेतृत्व किया।