-9वीं व 11वीं के में फेल होने वाले छात्रों के साथ हैप्पीनेस उत्सव मनाना केजरीवाल का ड्रामा हैः आदेश गुप्ता
-कागजों में शिक्षा मॉडल, 500 नये स्कूल खोलने के बजाय बंद कर दिये पुराने 16 स्कूलः आदेश गुप्ता
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 14 जुलाई।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ऊपर दिल्ली सरकार के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार दिल्ली में हैप्पीनेस उत्सव मना रही है, लेकिन दिल्ली हैप्पी तो तब होगी जब दिल्ली सरकार के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को अपने राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल ना किया जाए। बच्चों को 9वीं और 11वीं कक्षा में फेल कर अपने शिक्षा मॉडल की दुहाई देने की आदत केजरीवाल की पुरानी हो चुकी है। जिसे उन्हें दिल्ली के विद्यार्थियों के हितों के लिए छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आखिर बच्चों को अपने फायदे के लिए फेल करना और फिर उन बच्चों के साथ हैप्पीनेस उत्सव मनाने का ड्रामा करना एक भद्दा मजाक है।
आदेश गुप्ता ने केजरीवाल सरकार की एक आरटीआई का हवाला देते हुए कहा कि दिल्ली के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के भविष्य को अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए फेल करने की साजिश केजरीवाल करते रहे हैं। यही कारण है कि 10वीं और 12वीं क्लास के विद्यार्थियों के फेल होने की तुलना में 9वीं और 11वीं में फेल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या तीन गुना से ज्यादा है। 2015-16 में 1,32,741 बच्चे 9वीं में जबकि 2,80,33 बच्चों को 11वीं में फेल किए। साल 2016-17 में 1,16,732 बच्चों को 9वीं जबकि 11वीं 24,985 बच्चों को फेल कर दिया। इसी तरह 2017-18 में 73,561 बच्चों को 9वीं में जबकि 28,806 बच्चों को 11वीं कक्षा में फेल करने का काम किया।
आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के शिक्षा मॉडल के पीछे की हकीकत तो यह है कि 500 स्कूल खोलने का वादा करने वाले केजरीवाल अपने सात सालों में एक भी स्कूल नहीं खोल पाए। जबकि जो पहले से चल रहे थे उनमें से 16 स्कूल बंद कर दिये गए। उन्होंने कहा कि 1030 में से 755 स्कूलों में प्रिंसपल तक नही हैं। जबकि 416 में उप प्रधानाध्यापक नदारद हैं। 700 स्कूलों में विज्ञान की पढ़ाई तक नहीं होती। उन्होंने केजरीवाल से सवाल करते हुए पूछा कि क्या इसी बदतर शिक्षा मॉडल को अपनाकर दिल्लीवाले खुश रह सकते हैं।