-भाजपा प्रवक्ता ने सिविल डिफेंस में गड़बड़झाले को लेकर उपराज्यपाल को पत्र लिखकर की जांच की मांग
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली: 21 जुलाई, 2022
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने दिल्ली के उपराज्यपाल श्री विनय कुमार सक्सैना को पत्र लिखकर दिल्ली सिविल डिफेंस में भर्ती में हो रहे घोटाले एवं इन सिविल डिफेंस वोलेंटियरस के द्वारा लोगों से बदतमीजी एवं पैसा उगाही की शिकायतों की ओर उनका ध्यान आकृष्ट कर भर्ती प्रक्रिया की जांच कराने, आगे भर्ती पर रोक लगाने और सिविल डिफेंस की वर्दी का रंग बदलने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि किन्ही नियमों का पालन किये बिना सत्ताधारी आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं को सिविल डिफेंस वोलेंटियरस के रूप में भर्ती किया जा रहा है। दिल्ली में अनेक बाजारों में यह सिविल डिफेंस वोलेंटियरस बैठे हुऐ तो दिखाई देते हैं पर यह काम क्या करते हैं कोई नही जानता। उदाहरणार्थ अकेले चांदनी चौक मुख्य बाजार में 100-125 वोलेंटियरस जगह जगह छोटे छोटे ग्रुप्स में बैठे नजर आते हैं पर यह कोई काम नही करते।
दूसरी ओर अक्सर इन वोलेंटियरस के सामान्य नागरिकों से उलझने के मामले भी सामने आते हैं, तीन चार बड़े मामलों में तो वोलेंटियरस के द्वारा मारपीट के पुलिस केस भी बने है।
इसके आलावा इन सिविल डिफेंस वोलेंटियरस के द्वारा खाकी वर्दी की आड़ में खुद को पुलिस वाला दर्शा कर साधारण निम्न वर्ग के लोगों जैसे रिक्शा, आटो, पटरी बाजार वालों से उगाही की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने पत्र में कहा है कि यह अति आवश्यक है की सिविल डिफेंस वोलेंटियरस भर्ती प्रक्रिया की जांच के साथ ही इनकी वर्दी का रंग भी बदला जाये।