-आईवीपी नेता मुकेश गोयल ने निगम आयुक्त और महापौर से की कर्मचारियों की मांगों का समाधान निकालने की मांग
-मुकेश गोयल ने बीमारियों के मौसम में एमटीएस (पब्लिक हेल्थ) कर्मचारियों की अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जताई गहरी चिंता
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली: 29 सितंबर, 2025।
इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के नेता एवं दिल्ली नगर निगम में वरिष्ठ निगम पार्षद मुकेश गोयल ने एमसीडी के एमटीएस (पब्लिक हेल्थ) कर्मचारियों के अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने निगम आयुक्त अश्विनी कुमार और दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह से मांग की है कि इन कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए तुरंत समस्या का निदान करना चाहिए।
मुकेश गोयल ने कहा कि दिल्ली में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के मामले पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष ज्यादा चल रहे हैं। ऐसे में एमसीडी के पब्लिक हेल्थ विभाग में कार्यरत एमटीएस (डीबीसी/ सीएफडब्लू) कर्मचारियों के अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाने से यह बीमारियां महामारी का रूप ले सकती हैं। उन्होंने कहा कि हमने इससे पहले भी निगम आयुक्त और महापौर से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करते हुए समास्या का समाधान करने के लिए लिखा था। परंतु संबंधित विभाग के अधिकारियों ने इन कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया है। जिसका नतीजा यह है कि ये कर्मचारी सोमवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले गये हैं।
मुकेश गोयल ने आगे कहा कि हमारी इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी निगम कर्मचारियों की मांगों का पूरी तरह से समर्थन करती है। हमारी मांग है कि इन कर्मचारियों का शोषण तुरंत बंद होना चाहिए और इनकी मांगों पर विचार करते हुए तुरंत समाधान निकाला जाना चाहिए।