बीजेपी नेता सफाई कर्मियों से किये वादों को तुरंत पूरा करेंः कांग्रेस

-सफाई कर्मियों की समस्याओं का समाधान करें महापौरः मुकेश गोयल
-नॉर्थ डीएमसी संयुक्त मोर्चा के आंदोलन को कांग्रेस का समर्थनः मुकेश गोयल

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता और वरिष्ठ निगम पार्षद मुकेश गोयल ने महापौर राजा इकबाल सिंह से मांग की है कि सफाई कर्मचारियों की मांगों पर तुरंत गंभीरता से विचार करते हुए उनका समाधान निकाला जाये। उन्होंने कहा कि बुधवार को एनडीएमसी संयुक्त मोर्चा द्वारा निगम मुख्यालय सिविक सेंटर पर किये गये प्रदर्शन का कांग्रेस पार्टी समर्थन करती है।

यह भी पढ़ेंः दिल्ली बीजेपी में कलहः आपस में ही भिड़ रही महिला मोर्चा पदाधिकारी

मुकेश गोयल ने कहा कि सत्ताधारी बीजेपी नेताओं ने सफाई कर्मचारियों के साथ कई बार पक्का करने का वादा किया है। कई बार उनकी दूसरी समस्याओं को दूर करने का वादा किया गया है। इसके बावजूद उनकी समस्याओ का समाधान अभी तक नहीं किया गया। जिसकी वजह से आज सफाई कर्मचारियों की यूनियनों को धरना-प्रदर्शन और आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ेंः निगम चुनाव से पूर्व दिल्ली कांग्रेस में घमासान… प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ तेज हुआ अभियान

मुकेश गोयल ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब, पिछड़ों, दलितों और जरूरतमंदों के साथ खड़ी रही है। जब तक कांग्रेस नगर निगम की सत्ता में थी, सफाई कर्मियों को कोई परेशानी नहीं हुई। बीजेपी जब से सत्ता में आई है तब से केवल सफाई कर्मचारी ही नहीं बल्कि बेलदार-नाला बेलदार, डीबीसी कर्मचारी और दूसरे कर्मियों की समस्याएं भी लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांगों को तुरंत पूरा किया जाना चाहिए।