हिमाचल चुनावः कांग्रेस ने जारी की 46 प्रत्याशियों की सूची

-कुल 68 विधानसभा सीटों के लिए 12 नवंबर को होगा मतदान, 8 दिसंबर को आयेंगे नतीजे

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 18 अक्टूबर, 2022।
कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अपने पत्ते खोल दिये हैं। कांग्रेस ने मंगलवार को अपने 46 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। राज्य में कुल 68 सीटों पर चुनाव होना है। शिमला ग्रामीण से विक्रमादित्य सिंह, नादौन से सुखविंदर सिंह सुक्खू, को टिकट दिया गया है। 22 सीटों पर अभी पेच फंसा हुआ है। जल्द ही पार्टी की ओर से प्रत्याशियों की दूसरी व अंतिम सूची भी जारी की जायेगी।
चुराह विधानसभा सीट से यशवंत सिंह खन्ना, चंबा से नीरज नैयर, डलहौजी से आशा कुमारी, भटियात से कुलदीप सिंह पठानिया, नूरपुर से अजय महाजन, फतेहपुर से भवानी सिंह पठानिया, जवाली से प्रो. चंद्र कुमार, जसवां परागपुर से सुरेंद्र सिंह मनकोटिया, ज्वालामुखी से संजय रत्न, नगरोटा से रघुवीर सिंह बाली, शाहपुर से केवल सिंह पठानिया, धर्मशाला से सुधीर शर्मा, पालमपुर से आशीष बुटेल, बैजनाथ से किशोरी लाल, लाहौल-स्पीति से रवि ठाकुर, कुल्लू से सुंदर ठाकुर, बंजार से खिमी राम, सुंदरनगर से सोहन लाल ठाकुर, सराज से चेतराम ठाकुर, द्रंग से कौल सिंह ठाकुर, मंडी से चंपा ठाकुर, बल्ह से प्रकाश चौधरी,

भोरंज से सुरेश कुमार, सुजानपुर से राजेंद्र राणा, बड़सर से इंद्र दत्त लखनपाल, हरोली से मुकेश अग्निहोत्री, ऊना से सतपाल रायजादा, झंडूता से विवेक कुमार, घुमारवीं से राजेश धर्माणी, श्री नयनादेवी से राम लाल ठाकुर, अर्की से संजय अवस्थी, दून से राजकुमार चौधरी, सोलन से कर्नल(सेवानिवृत) धनीराम शांडिल, कसौली से विनोद सुल्तानपुरी, पच्छाद से दयाल प्यारी, नाहन से अजय सोलंकी, श्री रेणुका जी से विनय कुमार, शिलाई से हर्षवद्धन चौहान, चौपाल से रजनीश किमटा, ठियोग से कुलदीप सिंह राठौर, कसुम्पटी से अनिरूद्ध सिंह, शिमला ग्रामीण से विक्रमादित्य सिंह, जुब्बल कोटखाई से रोहित ठाकुर, रामपुर से नंद लाल और रोहड़ू से मोहन लाल ब्राक्टा को पार्टी ने टिकट दिया है।
सभी सीटों पर एक ही चरण में होगा चुनाव
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में सभी 68 सीटों पर एक ही चरण में चुनाव होगा। 12 नवंबर को वोटिंग होगी और चुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को घोषित किये जायेंगे। 68 विधानसभा सीटों वाले हिमाचल प्रदेश के लिए निर्वाचन आयोग ने 17 अक्टूबर को नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। नामांकन की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर है और नामांकन पत्रों की जांच 27 अक्टूबर को होगी। 29 अक्टूबर तक प्रत्याशी अपनी दावेदारी वापस ले सकते हैं। 12 नवंबर को वोटिंग होगी और 8 दिसंबर को नतीजे घोषित होंगे। बता दें कि गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने अभी चुनावों की तारीखों का ऐलान नहीं किया है।