दिल्ली पर्यटन विभाग का हेरिटेज वॉक फेस्टिवल शुरू

-मंत्री सौरभ भारद्वाज ने गुरूवार को किया उद्घाटन
-10 अक्टूबर से लेकर 31 दिसंबर 2024 तक चलेगा

एसएस ब्यूरो/नई दिल्ली, 10 अक्टूबर 2024।
दिल्ली के पर्यटन मंत्री सौरभ भारद्वाज ने गुरूवार को दिल्ली पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित हेरिटेज वॉक फेस्टिवल का उद्घाटन किया। इस हेरिटेज वॉक फेस्टिवल की शुरुआत गुरूवार को म्युटिनी मेमोरियल कमला नेहरू रिज सिविल लाइंस से की गई। यह कार्यक्रम 10 अक्टूबर से लेकर 31 दिसंबर 2024 तक चलेगा। इस कार्यक्रम के तहत दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में स्थित 100 अलग-अलग ऐतिहासिक विरासतों का भ्रमण किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन हर वर्ष किया जाता है।
सिविल लाइंस में स्थित म्युटिनी मेमोरियल का निर्माण 1857 के दौरान आजादी की लड़ाई के समय अंग्रेजों द्वारा कराया गया था। अंग्रेज सरकार ने लड़ाई में मृत हुए अंग्रेज अधिकारियों और उनके सहयोगियों की याद में यह मेमोरियल बनवाया था। यह मेमोरियल केवल अंग्रेजी अफसर और उनके सहयोगियों की मृत्यु का प्रतीक नहीं है, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम के जय घोष का भी प्रतीक भी है।
हेरिटेज वॉक के दौरान मंत्री सौरभ भारद्वाज ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, कि दिल्ली में सैकड़ो ऐसी विरासतें छिपी हुई है, जिसकी जानकारी दिल्ली की जनता को और हमारे युवा पीढ़ी को नहीं है। इस प्रकार के कार्यक्रमों द्वारा दिल्ली पर्यटन विभाग की यह कोशिश रहती है, कि दिल्ली की ऐसी अनमोल धरोहरों का इतिहास दिल्ली और देश की जनता के समक्ष रखा जाए, ताकि दिल्ली न केवल देश में अपितु पूरी दुनिया में आकर्षण का एक मुख्य केंद्र बने और भिन्न-भिन्न राज्यों से एवं विदेशों से आने वाले सैलानियों की रुचि दिल्ली में और अधिक बढ़े।