दिल्ली-NCR में 30 मार्च से 1 अप्रैल के बीच झमाझम बारिश के आसार

-बारिश की वजह से रंगीन, हसीन और बेहतरीन बना एनसीआर का मौसम
-बाहरी दिल्ली के कुछ इलाकों में ओले पड़ने की आशंका

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 29 मार्च, 2023।
मार्च में बारिश पिछले दो साल का रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। इसकी वजह से गर्मी के मौसम में भी राजधानी और एनसीआर (NCR) का मौसम रंगीन, हसीन और बेहतरीन बना हुआ है। मार्च के अंतिम दिनों में दो साल बाद ऐसा सुहावना मौसम लोगों को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक यह मौसम अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा। 30 मार्च से 1 अप्रैल के बीच बारिश एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर का मौसम गुलाबी बनाने वाली है।
सोमवार को अधिकतम तापमान एक बार फिर गिरकर 30 डिग्री से नीचे 29.3 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 3 डिग्री कम है। मंगलवार को भी मौसम ठंडा ही रहा। मौसम विभाग के अनुसार 30 मार्च और एक अप्रैल के बीच दिल्ली एनसीआर में बारिश और गरज के साथ बौछारे पड़ने की संभावना है। बाहरी दिल्ली में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
31 मार्च को बारिश पड़ना तेज होगा। मार्च में अब तक सामान्य से अधिक बारिश हो चुकी है। इससे पूर्व 2021 में महज 13 एमएम और 2020 में 37 एमएम बारिश हुई थी। 2022 का मार्च पूरी तरह सूखा रहा था। एक ताजा वेस्टर्न डिस्टरबेंस 29 मार्च को पश्चिमी हिमालय की ओर आ रहा है। इससे प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उसी दिन पश्चिमी राजस्थान की सीमा से आगे बढ़ जाएगा। इसकी वजह से 30 मार्च से 1 अप्रैल के बीच राजधानी और इसके आसपास के शहरों में बारिश होगी।
31 मार्च की शाम और रात के दौरन मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिलेंगा। एक अप्रैल को मौसम की गतिविधियां धीमी पड़ जाएंगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के बीच रहा। 29 मार्च को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री पर पहुंच सकता है। 30 मार्च का दिन गर्म रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहेगा।
30 मार्च की शाम के समय मौसम में बदलाव होगा। इसी के साथ हल्की बारिश शुरू हो सकती है। इसकी वजह से न्यूनतम तापमान 19 डिग्री तक रह सकता है। 31 मार्च को बारिश जोर पकड़ेगी और तेज ठंडी हवाएं चलेंगी। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद एक और दो अप्रैल को मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन यह खुशनुमा बना रहेगा। एक और दो अप्रैल को अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रह सकता है।