स्वछता अभियान के जरिये दिल्ली में गंगा-यमुना का संगम

-दिल्ली में यमुना के घाटों पर नमामि गंगे द्वारा स्वच्छ यमुना अभियान का आयोजन
-दिल्ली जल बोर्ड व गैर सरकारी संगठनों द्वारा चलाया जा रहा अभियान

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 23 जुलाई, 2022
दो नदियों का तो नहीं लेकिन दिल्ली में स्वच्छता अभियान के जरिये नमामि गंगे परियोजना और यमुना का संगम जरूर हो रहा है। स्वच्छ यमुना अभियान को आगे बढ़ाते हुए, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) व दिल्ली जल बोर्ड ने अन्य गैर-सरकारी संगठनों के साथ सक्रिय भूमिका निभाते हुए शनिवार 23 जुलाई 2022 को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना के सोनिया विहार पहला पुस्ता घाट पर स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया।
श्रमदान गतिविधियों में अनेक गैर सरकारी संगठनों (NGO) ने सहयोग किया। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगामिशन (NMCG) के अधिकारी और अन्य गैरसरकारी संगठनों के पदाधिकारी सुबह-सवेरे बड़ी संख्या में स्वच्छता अभियान में शामिल हुए। स्वच्छता अभियान में शामिल एनजीओ में रूरल एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी, हरियाली सेंटर फॉर रूरल डेवलपमेंट, सोशल नेटवर्क इंडिया और गंगा देवी शैक्षणिक सोसाइटी शामिल रहे। यमुना स्वछता अभियान हर महीने के चौथे शनिवार को आयोजित की जाने वाली एक नियमित गतिविधि है।
NMCG के तकनीकी कार्यकारी निदेशक डी.पी. मथुरिया ने इस कार्यक्रम में भाग लिया और सहयोगी, विशेष रूप से युवाओं के साथ एक बेहतर और मजबूत भविष्य के लिए नदियों को स्वच्छ रखने के महत्व पर बातचीत की। उन्होंने प्रतिभागियों को इस स्वच्छ यमुना आंदोलन का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया जो कि अब गति पकड़ रहा है। यमुना की सफाई नमामि गंगे कार्यक्रम का महत्त्वपूर्ण हिस्सा है।
इस मौके पर सभी प्रतिभागियों ने यमुना नदी को स्वच्छ बनाने का प्रण लिया। आयोजन में छोटे बच्चे भी आकर्षण का केंद्र बने रहे। छोटे बच्चों की इस कार्य के प्रति रुचि सभी सहभागियों के लिए प्रेरणा देने वाली रही।